Panipat News: डंपिंग यार्ड बनाने की तैयारी का विरोध

पानीपत। नगर निगम गोहाना रोड स्थित पुरानी शुगर मिल में डंपिंग यार्ड बनाने के लिए फिर से तैयार हो गया है। पूर्व पार्षद बलराम मकौल व कॉलोनीवासियों ने बुधवार को मिल के मुख्य गेट पर टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया। आरोप लगाए कि निगम ने मंगलवार को मिल में साफ-सफाई की है। अधिकारी अब कंपनी की गाड़ियों को खड़ी करने की बात कह रहे हैं। यह संदिग्ध नजर आ रहा है। शुगर मिल के एमडी ने इसके लिए मंजूरी नहीं दी है। कॉलोनीवासियों ने डंपिंग यार्ड किसी भी सूरत में न बनने देने की बात कही है। वार्ड-18 के पूर्व पार्षद बलराम मकौल व कॉलोनीवासी बुधवार को पुरानी शुगर मिल के मुख्य गेट पर लामबंद हुए। उन्होंने कहा कि आसपास की एक दर्जन कॉलोनियों के लोग मिल की बदबू के चलते वर्षों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर थे। मिल बंद होने के बाद उनको कुछ राहत मिली है। अब नगर निगम कूड़ा डंपिंग प्वाइंट बनाना चाह रहा है। निगम करीब छह महीने से इसके प्रयास में लगा हुआ है। कॉलोनीवासी इसका लगातार विरोध कर रहे हैं। अधिकारी लोगों की समस्या सुनने की बजाय डंपिंग यार्ड बनाने में लगे हैं। पूर्व पार्षद बलराम मकौल ने कहा कि नगर निगम अधिकारियों से इस बारे में बात की गई। अधिकारियों ने बताया कि पुरानी शुगर मिल में ठेकेदार को कूड़ा उठाने की गाड़ियों को खड़ा करना है। इसके लिए उपयुक्त जगह है। मंगलवार को जेसीबी की मदद से साफ-सफाई करने के साथ लाइट की व्यवस्था की है। इस मौके पर एडवोकेट पंकज, राजू जैन, वीरेंद्र रोहिल्ला, अनिल कौशिक, मोंटू जागड़ा, सुभाष रोहिला, बिल्लू व आनंद कुमार मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 26, 2026, 03:12 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: डंपिंग यार्ड बनाने की तैयारी का विरोध #OppositionToTheConstructionOfADumpingYard #SubahSamachar