Una News: खुली पाइपलाइन बनी खतरा, विभागीय दावों की खुली पोल

चकसराय (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत बैरियां के मोहल्ला ठारू में जल शक्ति विभाग की लापरवाही ने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्य सड़क से सरोल लिंक रोड पर हैंडपंप के समीप नल कनेक्शन के लिए बिछाई गई पाइपलाइन को सही तरीके से जमीन में नहीं दबाया गया है। पिछले तीन-चार दिनों से पाइप सड़क के ऊपर ही पड़े हैं और कनेक्शन भी टूटा हुआ है, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। सड़क पर खुली पड़ी पाइपलाइन के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने का खतरा लगातार बना हुआ है जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर पाइपलाइन खुली पड़ी है, वहां एक ओर गहरी ढलान और दूसरी ओर तीखा मोड़ है। ऐसे संवेदनशील स्थान पर पाइपलाइन का खुले में होना लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से तुरंत समस्या का समाधान करने की मांग की है। इस मामले में जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता नीरज धीमान ने बताया कि यह कनेक्शन दो-तीन घरों को दिया गया है। पाइपलाइन के जमीन के ऊपर होने पर उन्होंने तर्क दिया कि वहां पक्का रास्ता है और गांव के लोग उसे उखाड़ने नहीं दे रहे हैं। हालांकि मौके पर निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित स्थान पर रास्ता पहले से ही उखड़ा हुआ है जिससे विभाग के दावे संदिग्ध नजर आते हैं। स्थानीय निवासी सरीफ मुहम्मद ने बताया कि रास्ता उखाड़ने के लिए किसी ने भी मना नहीं किया। वहीं वंदना कुमारी और सरोज कुमारी ने भी स्पष्ट किया कि उनसे इस बारे में न तो कोई पूछने आया और न ही उन्होंने कोई आपत्ति जताई। ऐसे में विभाग के बयानों और जमीनी हकीकत के बीच साफ अंतर सामने आया है, जो विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पाइपलाइन को तुरंत जमीन में दबाकर आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 22, 2026, 23:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: खुली पाइपलाइन बनी खतरा, विभागीय दावों की खुली पोल #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar