Prayagraj : निर्माण की मियाद के लिए 11 दिन बचे, आधी भी नहीं बनी सड़क
शास्त्री पुल पर दारागंज से झूंसी जाने वाली लेन पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य को पूरा करने की मियाद 11 दिन ही बचे हैं। ऐसे में लोक निर्माण विभाग के लिए निर्माण कार्य पूरा करना बड़ी चुनौती है। अफसरों का दावा है निश्चित तारीख तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड तीन की ओर से दो जुलाई की रात से सड़क निर्माण के लिए मशीनों की संख्या तीन से पांच और मजदूरों की संख्या भी अब 35 से बढ़ाकर 70 कर दी गई है। विभाग के अफसरों का दावा है कि संख्या बढ़ाए जाने के बाद 15 जुलाई की तय समय सीमा तक डेढ़ किमी की सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। पुल पर दारागंज से झूंसी जाने वाली दो किलोमीटर की लेन पर शनिवार की रात तक सड़क उखाड़ने का कार्य पूरा कर लिया गया। मैनुअल तरीके से मजदूरों को लगाकर सड़क का निर्माण और छिलाई कराई जा रही है। इसके साथ ही मशीन से बिटुमिन, गिट्टी एवं मार्बल डस्ट का मिश्रण तैयार किया जाता है। रात आठ बजे ब्लॉक मिलने पर दारागंज से झूंसी आने वाली लेन पर सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाता है। इसी बीच रविवार दोपहर करीब आधे घंटे की बारिश से पुल के किनारे रखी गई सामग्री भी भीग गई। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अफसरों का दावा है कि कुछ देर की बारिश से निर्माण कार्य पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। तीन दिन पहले डीसीपी नीरज पांडेय ने भी बैठक कर हर हाल में सड़क का निर्माण कार्य 15 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश दिए थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 06, 2026, 10:05 IST
Prayagraj : निर्माण की मियाद के लिए 11 दिन बचे, आधी भी नहीं बनी सड़क #CityStates #Prayagraj #JhusiPrayagrajNews #ShastriBridgePrayagraj #ShastriPulPrayagraj #SubahSamachar
