Una News: अंतिम नवरात्र पर 22 हजार भक्तों ने माता के दरबार में टेका माथा
भरवाईं (ऊना)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में 19 मार्च से शुरू हुआ वार्षिक चैत्र नवरात्र मेला शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हो गया। मेले के अंतिम दिन 22 हजार श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचे और माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। नौ नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। इन नवरात्र में सवा लाख से अधिक श्रद्धालु देश विदेश से माता चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए पहुंचे। मंदिर न्यास के वित्त एवं लेखा अधिकारी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 19 मार्च से 26 मार्च तक माता के दरबार में कुल 80,58,027 रुपये का नकद चढ़ावा दर्ज किया गया है। मेले के आठवें दिन यानी 26 मार्च को 9,92,550 रुपये जबकि सातवें दिन 25 मार्च को 9,29,243 रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ। मेले के अंतिम यानी नौवें दिन भी श्रद्धालुओं ने माता रानी के चरणों में भारी चढ़ावा अर्पित किया है। अंतिम दिन के चढ़ावे की आधिकारिक गणना शनिवार को की जाएगी। मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि अंतिम दिन के आंकड़े जुड़ने के बाद कुल चढ़ावे की राशि में और अधिक बढ़ोतरी होगी। इस बार नवरात्र मेले में देश ही नहीं बल्कि विदेशों से आए श्रद्धालुओं ने भी अपनी आस्था प्रकट की। दानपात्रों में भारतीय मुद्रा के साथ-साथ कई देशों की मुद्राएं भी प्राप्त हुईं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की रौनक देर शाम तक बनी रही। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर स्वयं मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए डटे रहे और व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण करते रहे। एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने बताया कि मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों के बेहतर प्रबंधों के चलते पूरे चैत्र नवरात्र मेले का आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मंदिर अधिकारियों ने सभी विभागों, सुरक्षा कर्मियों और श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 28, 2026, 00:12 IST
Una News: अंतिम नवरात्र पर 22 हजार भक्तों ने माता के दरबार में टेका माथा #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
