Una News: जून माह के पहले दिन ऊना में पारा 37.2 डिग्री पहुंचा
ऊना। जून महीने की शुरुआत के साथ ही जिला ऊना में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दिन के समय तेज धूप और तपते सूरज ने लोगों को गर्मी का एहसास करवाया। हालांकि सुबह और शाम चल रही ठंडी हवाओं से मौसम कुछ राहत भरा बना रहा।सुबह के समय मौसम सुहावना रहने के कारण लोग पार्कों और सड़कों पर सैर करते नजर आए। वहीं शाम को भी हवा में हल्की ठंडक बनी रही, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि दोपहर के समय तेज धूप के चलते बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी। लोग गर्मी से बचने के लिए छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते रहे। गर्मी बढ़ने का असर आम जनजीवन के साथ खेतीबाड़ी पर भी दिखाई देने लगा है। किसान वर्ग का कहना है कि तेज धूप के कारण खेतों में नमी तेजी से कम हो रही है, जिससे सब्जियों और अन्य फसलों की सिंचाई की जरूरत बढ़ गई है। किसानों को दिन के समय खेतों में काम करने में भी परेशानी हो रही है।उधर, मौसम में सुबह-शाम बनी हल्की ठंडक के कारण लोगों को अभी भी रात के समय राहत महसूस हो रही है। मौसम विभाग के समन्वयक विनोद कुमार ने बताया कि बीते दिनों हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 00:15 IST
Una News: जून माह के पहले दिन ऊना में पारा 37.2 डिग्री पहुंचा #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
