बैंक में बहन का शव लाने पर विवाद: मंत्री बोले- आरोपी पर कड़ी कार्रवाई होगी; BJD-कांग्रेस ने सरकार को घेरा

ओडिशा के केंदुझार जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेबस भाई को अपनी मृत बहन का अस्तित्व साबित करने के लिए उसकी कब्र खोदनी पड़ी। वह अपनी बहन का कंकाल कंधे पर लादकर बैंक पहुंच गया। अब इस मामले में सरकार ने कार्रवाई की बात कही है। अंधे कानून और संवेदनहीनता की भेंट चढ़ी इंसानियत मामला दियानली गांव का है। यहां के निवासी जीतू मुंडा की बहन कालरा मुंडा की मृत्यु 26 जनवरी को हो गई थी। कालरा के बैंक खाते में करीब 20,000 रुपये जमा थे। जीतू को पैसों की सख्त जरूरत थी। वह अपनी बहन के खाते से यह रकम निकालना चाहता था। इसके लिए वह कई बार ओडिशा ग्रामीण बैंक की मालीपोसी शाखा गया। जीतू का आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने हर बार उसे दुत्कार दिया। बैंक कर्मियों ने उससे कहा कि जब तक खाताधारक खुद बैंक नहीं आएगा, पैसे नहीं मिलेंगे। जीतू ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि उसकी बहन मर चुकी है। बैंक अधिकारी अपनी जिद पर अड़े रहे। उन्होंने मृतका को बैंक लाने का फरमान सुना दिया। जीतू मुंडा अशिक्षित है। उसे बैंक की जटिल कानूनी प्रक्रियाओं का ज्ञान नहीं था। कंकाल देखकर बैंक में मचा हड़कंप सिस्टम की बेरुखी से तंग आकर जीतू ने सोमवार को खौफनाक कदम उठाया। उसने अपनी बहन की कब्र खोदी। उसने कंकाल को एक बोरे में भरा। फिर उस कंकाल को कंधे पर लादकर वह सीधे बैंक पहुंच गया। बैंक के अंदर कंकाल देखते ही कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंकाल को कब्जे में लिया। बाद में उसे फिर से दफनाया गया। यह भी पढ़ें:डिजिटल अरेस्ट पर एक्शन में सरकार:सिम कार्ड के लिए बायोमेट्रिक पहचान होगी जरूरी; व्हॉट्सप लाएगा खास फीचर नॉमिनी की मौत बनी बाधा जांच में सामने आया कि कालरा मुंडा के खाते में जो व्यक्ति नॉमिनी था, उसकी भी मौत हो चुकी थी। इस स्थिति में जीतू ही एकमात्र कानूनी वारिस बचा था। पुलिस के अनुसार, जीतू को बैंक से पैसा निकालने की कानूनी प्रक्रिया का पता नहीं था। बैंक अधिकारियों ने भी उसे सही रास्ता दिखाने के बजाय परेशान किया। सरकार और विपक्ष के बीच गरमाई सियासत इस घटना ने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। मंत्री सुरेश पुजारी ने इस पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, 'पूरे मामले में मानवीय दृष्टिकोण की भारी कमी दिखी है। किसी भी व्यक्ति को इस हद तक मजबूर करना अक्षम्य है। जिम्मेदार बैंक अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।' वहीं, विपक्षी दल बीजेडी और कांग्रेस ने सरकार को आड़े हाथों लिया है। विपक्ष का कहना है कि यह आदिवासियों के प्रति सरकार और तंत्र की संवेदनहीनता का प्रमाण है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 28, 2026, 14:46 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बैंक में बहन का शव लाने पर विवाद: मंत्री बोले- आरोपी पर कड़ी कार्रवाई होगी; BJD-कांग्रेस ने सरकार को घेरा #IndiaNews #National #OdishaBankCase #OdishaGramyaBank #SubahSamachar