Rampur Bushahar News: छह माह देरी से चुनाव, अब पार्षदों को शपथ का इंतजार, विकास को कब मिलेगी रफ्तार
नगर परिषद के चुनावी नतीजों के 16 दिन बाद भी नहीं हुई शपथ17 मई को पार्षद पद के चुनाव के नतीजे घोषित हुए थेसंवाद न्यूज एजेंसीरामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव तय समय से छह महीने देरी से हुए। वहीं, अब चुनावी नतीजों के 16 दिन बीतने के बाद भी पार्षदों का शपथ ग्रहण नहीं करवाई गई है। छह महीने से नगर परिषद के कार्य भी ठप पड़े हैं। ऐसे में रामपुर में विकास कार्यों को कब रफ्तार मिलेगी। हालांकि, प्रदेश उच्च न्यायालय में सरकार ने 8 जून से पहले नगर निकायों में जीतकर आए पार्षदों को शपथ दिलाने की बात कही है। रामपुर नगर परिषद में मई माह की 17 तारीख को पार्षद पद के चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे। इसके बाद से अभी तक नवनिर्वाचित पार्षदों के लिए शपथ ग्रहण समारोह आयोजित नहीं हो पाया है। पूर्व के वर्षों में जहां चुनाव दिसंबर में संपन्न हो जाते थे, वहीं इस बार चुनाव करीब 6 माह बाद हुए। पुरानी नगर परिषद को निरस्त हुए करीब 6 माह का समय बीत गया है और नगर परिषद क्षेत्र की कई विकास परियोजनाएं नई नगर परिषद के गठन न होने के कारण लटकी हुई हैं। नगर परिषद क्षेत्र के सभी नौ वार्डों में विकास कार्य ठप पड़े हैं, जबकि बीते वर्षों में आई आपदा की भी क्षतिपूर्ति होना बाकी है। पार्षदों के चुनाव संपन्न होने के बाद भी न तो शपथ ग्रहण हो पाई है और न अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन। रामपुर नगर परिषद में पहली बार भाजपा ने एक साथ 5 वार्डों से जीतकर नगर परिषद पर कब्जा जमाया है, लेकिन लंबे समय से शपथ ग्रहण न होने के कारण आम लोगों के साथ-साथ भाजपा ने भी कड़ा एतराज जताया है। नगर परिषद के नव निर्वाचित पार्षदों के लिए शपथ ग्रहण कार्यक्रम न होने से भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है और जल्द पार्षदों को शपथ दिलाने की मांग की है।ये पार्षद जीतकर आएनगर परिषद के वार्ड नंबर-2 से भाजपा समर्थित रोहित नेगी, वार्ड नंबर-5 से नितिका गुप्ता, वार्ड नंबर-6 से उमा देवी, वार्ड-7 से सुंदर लाल और वार्ड नंबर-8 से चंद्रप्रभा बतौर पार्षद जीतकर आए हैं।पार्षदों को जल्द शपथ दिलाई जाएभाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा पहली बार नगर परिषद रामपुर में 5 सीटें जीतकर आई है। प्रदेश सरकार अभी तक न शपथ करवा पाई है और न ही आगे की प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि नगर परिषद से जो पार्षद चुनकर आए हैं, उनको जल्द शपथ दिलाई जाए। नगर परिषद की जनता ने पार्षदों को जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरा करने का पार्षदों को मौका दिया जाए।नगर परिषद के पार्षदों की शपथ ग्रहण को लेकर उपायुक्त शिमला से निर्देश जारी किए जाएंगे। जैसे ही शपथ ग्रहण कार्यक्रम की सूचना जारी होगी, नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिला दी जाएगी। -- हर्ष अमरेंद्र सिंह, एसडीएम रामपुर
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 16:03 IST
Rampur Bushahar News: छह माह देरी से चुनाव, अब पार्षदों को शपथ का इंतजार, विकास को कब मिलेगी रफ्तार #OathNotTakenEven16DaysAfterTheMunicipalCouncilElectionResults #SubahSamachar
