Una News: अब लोकल रूटों पर दौड़ेंगी जेएनएनयूआरएम की 17 बसें

ऊना। अंतरराज्यीय रूटों पर रोक लगने के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने जेएनएनयूआरएम बसों को अब लोकल रूटों पर चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। ऊना डिपो की जेएनएनयूआरएम बसें, जो अब तक ऊना से नालागढ़ और बद्दी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों के रूट पर चलाई जा रहीं थी, फिलहाल उन्हें एचआरटीसी ऊना की वर्कशॉप पर खड़ा कर दिया है। दूसरे राज्यों से होकर या दूसरे राज्यों में जाने वाले रूटों पर चलने वाली जेएनएनयूआरएम की बसों को ऊना में लोकल रूटों पर चलाया जाएगा। ऐसे में निगम अब इन बसों काे लोकल रूट पर चलाने की रणनीति बना रहा है। ऊना में क्लस्टर में पहले से ही जेएनएनयूआरएम की बसें चल रही हैं।जानकारी के अनुसार ऊना डिपो की आठ जेएनएनयूआरएम बसें ऊना से नालागढ़-बद्दी रूट पर चल रही थीं। इन बसों से रोजाना बड़ी संख्या में कर्मचारी, छात्र और अन्य यात्री सफर करते थे। रूट पर रोक लगने के बाद इन बसों के पहिये थम जाने के बाद यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी सुबह के समय ऊना से बद्दी, नालागढ़, परवाणू जाने वाली जेएनएनयूआरएम की बसों के स्थान पर निगम पुख्ता व्यवस्था नहीं कर पाया है। कांगड़ा से परवाणू रूट पर चलने वाली जेएनएनयूआरएम की बस केवल ऊना तक चलाई जा रही है। ऊना से परवाणू के लिए निगम अपनी बसों को भेज रहा है। दूसरी और ऊना से होशियारपुर रूट पर चलने वाली दो जेएनएनयूआरएम बसों का संचालन बंद भी हो गया है। निगम प्रबंधन इन बसों को स्थानीय रूटों पर भेजने की योजना बना रहा है ताकि बसें खड़ी न रहें और यात्रियों को भी सुविधा मिल सके। ऊना, बंगाणा, अंब, गगरेट, हरोली और ग्रामीण क्षेत्रों के कई रूटों पर अतिरिक्त बस सेवा देने पर विचार किया जा रहा है।-सुरेश धीमान, उपमंडलीय प्रबंधक

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 22, 2026, 23:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: अब लोकल रूटों पर दौड़ेंगी जेएनएनयूआरएम की 17 बसें #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar