Kullu News: सैंज-न्यूली सड़क सुधार में देरी पर ठेकेदार को नोटिस
न्यूली (कुल्लू)। घाटी की सैंज-न्यूली सड़क के सुधार कार्य में देरी पर लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। विभाग ने ठेकेदार को जल्द सड़क सुधार कार्य शुरू करने को कहा है और चेतावनी दी है कि काम शुरू न होने की स्थिति में आगे कार्रवाई की जाएगी।विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ठेकेदार को वर्क अवार्ड भी जारी किया जा चुका है लेकिन मौके पर अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। सड़क की मरम्मत न होने से इस मार्ग पर सफर करने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्षेत्र के लोग भी लगातार विभाग से सड़क की हालत सुधारने की मांग कर रहे हैं।विभाग ने इस मार्ग पर डंगे लगाने, निकासी नालियां बनाने, कल्वर्ट डालने, टारिंग और पुल निर्माण समेत विभिन्न कार्यों के लिए करीब आठ करोड़ रुपये के टेंडर हुए हैं। इसके बावजूद धरातल पर काम शुरू न होने से लोगों की दिक्कतें कम नहीं हो रही हैं।स्थानीय निवासी चुन्नी लाल, प्रेम सिंह, लाल चंद, डोले राम, कुंदन लाल, रोशना देवी और प्रेमा देवी ने बताया कि करीब 10 किलोमीटर लंबे सैंज-न्यूली मार्ग की हालत वर्ष 2023 से लगातार खराब बनी हुई है।वर्ष 2023 की आपदा में सड़क को भारी नुकसान पहुंचा था और वर्ष 2025 में भी मार्ग दोबारा क्षतिग्रस्त हो गया। कई स्थानों पर डंगे धंस चुके हैं, जबकि कई जगह सड़क पर मलबा और चट्टानें गिरी हुई हैं।हालांकि विभाग ने वैकल्पिक तौर पर मार्ग को बहाल किया है लेकिन कई स्थानों पर सड़क की हालत इतनी खराब है कि वाहन हिचकोले खाते हुए गुजर रहे हैं और हादसे का खतरा बना हुआ है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत की मांग उठाई है।लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता मेघ सिंह ने बताया कि विभाग ने सड़क सुधार के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं लेकिन ठेकेदार ने अभी तक काम शुरू नहीं किया है। इस संबंध में उसे नोटिस भेजकर शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि इसके बाद भी काम शुरू नहीं होता है तो आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 24, 2026, 16:18 IST
Kullu News: सैंज-न्यूली सड़क सुधार में देरी पर ठेकेदार को नोटिस #KuLLuNewHpNews #SubahSamachar
