Delhi NCR News: नीट परीक्षा के लिए उत्तर रेलवे ने चलाईं दो स्पेशल ट्रेनें
21 जून को बठिंडा-चंडीगढ़ और सहारनपुर-चंडीगढ़ रूट पर लगेगा एक-एक फेरा छात्रों की भीड़ कम करने के लिए उत्तर रेलवे ने अनारक्षित ट्रेनों को चलायाअमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। नीट परीक्षा में छात्रों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए नॉर्दर्न रेलवे ने 21 जून को दो स्पेशल अनारक्षित ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इनमें बठिंडा-चंडीगढ़-बठिंडा स्पेशल और सहारनपुर-चंडीगढ़-सहारनपुर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इस कदम से नीट परीक्षा देने जाने वाले छात्रों को सफर में आसानी होगी। साथ ही भीड़ और पेपर छुटने के तनाव से मुक्ति मिलेगी।21 जून रविवार को होने वाली नीट परीक्षा में विद्यार्थियों को ट्रेनों में भीड़ की परेशानी से बचाने के लिए उत्तर रेलवे दो ट्रेनें चलाने जा रहा है। दोनों ही ट्रेन अनारक्षित होंगी। मात्र जनरल टिकट लेकर विद्यार्थी ट्रेन से यात्रा कर सकते हैं। रेलवे ने 17 जून को दोनों ट्रेनों के चलाने का नोटिस जारी किया है। इनमें पहली ट्रेन बठिंडा-चंडीगढ़-बठिंडा स्पेशल ट्रेन है। यह ट्रेन बठिंडा से सुबह 5:30 बजे छूटकर 11:00 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में चंडीगढ़ से शाम 7:10 बजे चलकर बठिंडा रात 12:30 बजे पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन बठिंडा, भुच्चू, रामपुरा फूल, तपा, बरनाला, धूरी, नाभा, पटियाला, राजपुरा, सरहिंद, फतेहगढ़ साहिब, न्यू मोरिंडा, खरड़, मोहाली होते हुए चंडीगढ़ जाएगी। ट्रेन में कुल 12 कोच होंगे। वहीं, दूसरी ट्रेन सहारनपुर-चंडीगढ़-सहारनपुर स्पेशल है। यह ट्रेन सहारनपुर से सुबह 6:00 बजे छूटकर चंडीगढ़ 8:20 बजे पहुंचेगी। वापसी में चंडीगढ़ से शाम 7:30 बजे चलकर सहारनपुर रात 10:00 बजे पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन सहारनपुर, सरसावा, यमुनानगर जगाधरी, जगाधरी वर्कशॉप, मुस्तफाबाद, बरारा, अंबाला कैंट, धुलकोट, डैपर होते हुए चंडीगढ़ पहुंचेगी। इस ट्रेन में 14 कोच लगाए गए हैं। दोनों ट्रेनों के स्टेशनों पर उत्तर रेलवे ने सभी स्टेशन मास्टर को निर्देश दिए हैं कि स्टेशन के नोटिस बोर्ड पर जानकारी दी जाएगी। साथ ही ट्रेन के विषय में उद्घोषणा की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 18, 2026, 18:35 IST
Delhi NCR News: नीट परीक्षा के लिए उत्तर रेलवे ने चलाईं दो स्पेशल ट्रेनें #NorthernRailwayRanTwoSpecialTrainsForTheNEETExam. #SubahSamachar
