प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में नहीं आने देंगे कमी : महाजन

सांसद ने डीसी से प्रभावित परिवारों की मांगी सूचीकेंद्र और प्रशासन से सहायता का दिया भरोसासंवाद न्यूज एजेंसीचंबा। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने आकांक्षी जिले के सुल्तानपुर, सरोल और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण आई प्राकृतिक आपदा पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ भाजपा और केंद्र सरकार पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रभावित लोगों को शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने उपायुक्त से दूरभाष पर विस्तृत चर्चा कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। प्रभावित परिवारों की विस्तृत सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया और निर्देश दिए कि राहत वितरण, क्षति का आकलन और पुनर्वास कार्य पूरी पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ किए जाएं। 27 जुलाई की रात हुई अत्यधिक बारिश के कारण सुल्तानपुर क्षेत्र में अचानक फ्लैश फ्लड आया, जिससे दो पक्के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। 26 आवासीय मकानों, एक दुकान, एक सुरक्षा दीवार, एक गोशाला, एक शौचालय और एक स्कूटी को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के रूप में 25,000-25,000 रुपये की सहायता प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और राहत कार्यों की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के प्रत्येक चरण में हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 30, 2026, 16:30 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में नहीं आने देंगे कमी : महाजन #NoShortcomingsWillBeAllowedInTheRehabilitationOfAffectedFamilies:Mahajan #SubahSamachar