Ayodhya News: नगर निगम में सोमवार को नो फ्यूल डे, महापौर, नगर आयुक्त व पार्षद आएंगे सार्वजनिक वाहन से

अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन खर्च में कमी लाने के आह्वान का रामनगरी में भी असर दिखने लगा है। नगर निगम में प्रत्येक सोमवार को नो फ्यूल डे रहेगा। इस दिन महापौर, नगर आयुक्त व सभी पार्षद निजी वाहन के बजाय सार्वजनिक वाहन एव कार पुलिंग के जरिये नगर निगम आएंगे। इस बीच बृहस्पतिवार को भाजपा कोर कमेटी की बैठक में भी ईंधन खर्च में कटौती का मुद्दा छाया रहा। कई भाजपा नेताओं ने अपने काफिले में वाहनों की संंख्या कम कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन खर्च में कमी लाने के आह्वान के मद्देनजर महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त जयंत कुमार ने अपना एस्कॉर्ट नगर निगम को वापस कर दिया है। महापौर ने बताया कि नगर निगम ने पेट्रोल एवं डीजल खर्च में कमी लाने के लिए ठोस रणनीति बनाई है। सभी पार्षदों से डीजल-पेट्रोल खर्च वाले वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक वाहन या दोपहिया का प्रयोग करने की अपेक्षा की गई है। उन्होंने बताया कि कूड़ा वाहनों के फेरे बढ़ाकर इस दिशा में ईंधन के इस्तेमाल में कमी लाई जाएगी। उपसभापति संतोष सिंह, वरिष्ठ पार्षद अनुज दास, सपा पार्षद दल के नेता विशाल पाल, अर्जुन यादव सोमू, जगत नारायण यादव, अजय पांडेय, अखिलेश पांडेय, अमित गुप्त आदि ने भी इस पहल पर सहमति जताई। महापौर ने कहा कि बड़ा मंगल पर होने वाले भंडारे में कम ईंधन खर्च हो, इसके लिए फल, लस्सी, जूस, शर्बत आदि का वितरण करें। भंडारा स्थलों पर नगर आयुक्त ने जीरो प्लास्टिक का पोस्टर लगवाने का भी निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया है। विधायक रामचंद्र यादव, विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवेंद्र सिंह सहित अन्य भाजपा नेताओं ने भी काफिला कम करने के फरमान पर अमल करना शुरू कर दिया है। उधर, भाजपा कोर कमेटी की बैठक में जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से काफिले में अनावश्यक गाड़ियों की संख्या कम रखने की अपील करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं और नेताओं को जनता के बीच सादगीपूर्ण छवि प्रस्तुत करनी चाहिए। उन्होंने नेताओं से कम से कम वाहनों के साथ कार्यक्रमों में पहुंचने और अनावश्यक भीड़भाड़ से बचने की बात कही। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोहित सिंह ने बताया कि अक्सर समर्थक भी अपनी गाड़ियां लगा लेते हैं, समर्थकों को भी अनावश्यक रूप से पीछे-पीछे वाहन न लगाने की हिदायत दी जा रही है। इनसेटबैठक में बस से पहुंचे जिला महामंत्रीभाजपा के जिला महामंत्री अशोक कसौधन बस से बैठक में पहुंचे, जिसकी कार्यकर्ताओं के बीच खूब चर्चा रही। महामंत्री ने बताया कि जिस दिन मुख्यमंत्री की ओर से फरमान जारी हुआ, उसी दिन से उन्होंने इसका पालन शुरू कर दिया। बताया कि वे पहले अपनी कार से बैठकों आदि कार्यक्रमों में जाते थे, लेकिन अब बस, सवारी वाहनों का प्रयोग कर रहे हैं। बताया कि बृहस्पतिवार को कोर कमेटी की बैठक में वे बस से पहुंचे। जिलाध्यक्ष ने इसकी पुष्टि की है।सात इलेक्ट्रक बसें जल्दनगर आयुक्त ने बताया कि इलेक्टट्रक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सात नई बसें जल्द शुरू की जाएंगी। दो नए चार्जिंग पॉइंट बनाए जा रहे हैं। खराब पड़ी बसों की मरम्मत कराई जा रही है। अगले दस दिनों में ई-बसों की संख्या 17 से बढ़ाकर 25 कर दी जाएंगी। -------------कोर कमेटी बैठक में विभिन्न समितियों में सदस्यों के मनोनयन पर मंथनअयोध्या। भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न समितियों में नामित किए जाने वाले सदस्यों के मनोनयन पर मंथन हुआ और संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की गई। समितियों में मनोनयन के लिए कई नामों पर चर्चा की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा की। बैठक में महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, राधेश्याम त्यागी, संजीव सिंह, अभिषेक मिश्र, शिवेंद्र सिंह, परमानंद मिश्र, शैलेंद्र कोरी तथा मिथिलेश त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 14, 2026, 21:13 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ayodhya News: नगर निगम में सोमवार को नो फ्यूल डे, महापौर, नगर आयुक्त व पार्षद आएंगे सार्वजनिक वाहन से #'NoFuelDay'AtTheMunicipalCorporationOnMonday;Mayor #MunicipalCommissioner #AndCouncilorsToArriveViaPublicTransport #SubahSamachar