Una News: चलेट और मवा के बीच खड्ड पर बने काजवे पर बैरिकेडिंग नहीं
दौलतपुर चौक (ऊना)। चलेट और मवा के बीच खड्ड पर बने काजवे पर लोक निर्माण विभाग की लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। काजवे के एक किनारे पर गहरी खाई बनी हुई है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर यहां कोई व्यवस्था नहीं की गई है। न चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही बैरिकेडिंग की गई है, जिससे वाहन चालकों को खतरे का कोई संकेत तक नहीं मिल पाता।स्थानीय लोगों में राजीव कुमार, सजय कुमार, बीरबल सिंह, राजेश कुमार, वीरेद्र कुमार, कमला देवी का कहना है कि दिन के समय तो चालक किसी तरह सावधानी बरत लेते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में यह काजवे मौत का जाल बन जाता है। जरा सी चूक होने पर दोपहिया या चौपहिया वाहन सीधे खड्ड में जा सकता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार इस समस्या की ओर ध्यान दिलाने के बावजूद विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया। बरसात का मौसम सिर पर है और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में खतरा और अधिक बढ़ जाएगा। ऐसे में यहां से गुजरने वाले सैकड़ों लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि काजवे पर तत्काल बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो किसी बड़े हादसे के बाद विभाग की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 17, 2026, 22:48 IST
Una News: चलेट और मवा के बीच खड्ड पर बने काजवे पर बैरिकेडिंग नहीं #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
