News Updates: सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, रिश्वतखोरी के मामले में उत्तरी रेलवे के दो अधिकारियों समेत तीन गिरफ्तार

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित रिश्वतखोरी के एक मामले में उत्तरी रेलवे के मुख्य सामग्री प्रबंधक (सीएमएम) और एक वरिष्ठ लिपिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया किसीबीआई ने शुक्रवार रात रिश्वत के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद नई दिल्ली स्थित बड़ौदा हाउस में उत्तरी रेलवे मुख्यालय पर छापेमारी की थी। जांच एजेंसी ने मुख्य सामग्री प्रबंधक (स्टोर) नरेंद्र सिंह और वरिष्ठ लिपिक लेनिन शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा, "आरोप है कि उत्तरी रेलवे मुख्यालय के ये लोक सेवक एक निजी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ मिलीभगत कर भ्रष्टाचार में शामिल थे। वे कथित तौर पर अवैध रिश्वत के बदले रेलवे के ठेके दिलाने में निजी कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचा रहे थे।"प्रवक्ता ने कहा कि सार्वजनिक खरीद से जुड़े निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन कर ठेके दिए गए। सीबीआई के आधिकारिक बयान के अनुसार, "ट्रैप कार्रवाई के दौरान निजी कंपनी के प्रतिनिधि शारिक अली द्वारा उत्तरी रेलवे के मुख्य सामग्री प्रबंधक को दी गई एक लाख रुपये की रिश्वत की राशि बरामद की गई।"अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने दोनों सरकारी अधिकारियों और कथित रिश्वत देने वाले शारिक अली को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली, गाजियाबाद, बुलंदशहर और कानपुर स्थित विभिन्न ठिकानों पर तलाशी ली गई, जहां से कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद हुए हैं।सीबीआई ने इस मामले में उत्तरी रेलवे मुख्यालय, बड़ौदा हाउस में तैनात मुख्य सामग्री प्रबंधक नरेंद्र सिंह, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक शुभाशीष मैती और वरिष्ठ लिपिक (स्टोर) लेनिन शर्मा को आरोपी बनाया है। प्राथमिकी में उत्तर प्रदेश के कानपुर के जाजमऊ स्थित मैश इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड (मैश एंड कंपनी) के कारोबारी शारिक अली और एजाज अली के नाम भी शामिल हैं। कंपनी को भी आरोपी बनाया गया है।एफआईआर के अनुसार, शारिक अली कथित तौर पर लेनिन शर्मा और उनके सहयोगियों के माध्यम से रेलवे टेंडरों से जुड़ी "महत्वपूर्ण और गोपनीय जानकारी" तथा अन्य लाभ अवैध रिश्वत के बदले नियमित रूप से हासिल करता था।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 05, 2026, 01:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




News Updates: सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, रिश्वतखोरी के मामले में उत्तरी रेलवे के दो अधिकारियों समेत तीन गिरफ्तार #IndiaNews #National #NewsUpdateInHindi #NationalIndiaNewsInHindi #LatestNews #LatestNewsInHindi #IndiaHindiNews #NewsUpdate #NewsUpdateToday #SubahSamachar