Guna News: जामनेर में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, 13 माह का मासूम हुआ मां की ममता से वंचित
जिले के जामनेर थाना क्षेत्र सेदर्दनाक खबर सामने आई है। शादी के महज ढाई साल बाद ही 25 वर्षीय लक्ष्मी कंवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर में काम करते-करते अचानक सीने में तेज दर्द और चक्कर आने के बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले जाते हैं, लेकिन जिंदगी ने उसका साथ छोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही लक्ष्मी ने दम तोड़ दिया। उसका 13 माह का बेटा मां के आंचल से हमेशा के लिए महरूम हो गया। पति पृथ्वीराज सिंह राजपूत ने बताया कि मंगलवार दोपहर लक्ष्मी रोज की तरह घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान उसे चक्कर आए और सीने में असहनीय दर्द उठा। घबराए परिजन पहले गांव के पास एक निजी क्लीनिक ले गए। वहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टर ने हालत गंभीर बताकर पीपलखेड़ी रेफर कर दिया। पीपलखेड़ी में भी डॉक्टरों ने तत्काल जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिवार एंबुलेंस से गुना के लिए निकला, मगर रास्ते में ही लक्ष्मी की सांसें थम गईं। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ये भी पढ़ें-पत्नी ने शराबी पति को खंभे पर रस्सी से बांधा, फिर मुंह पर टेप चिपकाकर पीटा भी; आंदोलन में डाल रहा था खलल लक्ष्मी मूल रूप से राजस्थान के जयपुर जिले के पास एक गांव की रहने वाली थी। करीब ढाई साल पहले उसकी शादी जामनेर निवासी पृथ्वीराज सिंह से हुई थी। शादी के बाद से वह यहीं रह रही थी। पति और ससुराल वालों का कहना है कि लक्ष्मी को पहले कभी किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। वह पूरी तरह स्वस्थ थी और अपने 13 माह के बेटे की परवरिश में जुटी थी। अचानक हुई इस मौत से पूरा परिवार सदमे में है। घर में कोहराम मचा है और मां को पुकारता मासूम हर आंख नम कर रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जामनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई। एसडीओपी जेके सिद्दकी ने बताया प्रथमदृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मौत का लग रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इसके लिए जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि लक्ष्मी की मौत हार्ट अटैक से हुई, कोई अन्य चिकित्सीय कारण था या इसके पीछे कुछ और वजह है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 13:57 IST
Guna News: जामनेर में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, 13 माह का मासूम हुआ मां की ममता से वंचित #CityStates #Guna #MadhyaPradesh #GunaNews #SubahSamachar
