Karnal News: क्लर्क की हत्या में पड़ोसी पर संदेह, पुरानी रंजिश पर जांच कर रही पुलिस

- पार्किंग को लेकर था विवाद, अलग-अलग जगह दोनों पक्षों ने दी हुई थी शिकायतमाई सिटी रिपोर्टर करनाल। सेक्टर-9 में महिला क्लर्क डिंपल अरोड़ा की हत्या के मामले में पुलिस अब पड़ोस में चल रही पुरानी रंजिश से जोड़कर भी जांच कर रही है। क्लर्क का लंबे समय से घर के सामने रहने वाले एक परिवार के साथ गली में पर्किंग का झगड़ा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों की ओर से कई जगहों पर शिकायत भी दी गई थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि कहीं उसी पड़ोसी के विदेश में रहने वाले बेटे ने शूटर विकास उर्फ संजू को हायर करके हत्या न करवाई हो। दूसरी ओर पुलिस अभी जांच करने और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है। मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम की ओर से पकड़े गए आरोपी विकास उर्फ संजू का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अस्पताल से छुट्टी के बाद आरोपी को गिरफ्तार करके रिमांड पर लेगी। मृतक महिला के परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि बिजली निगम की महिला क्लर्क डिंपल अरोड़ा का अपने पड़ोसी के साथ पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था। उस पड़ोसी का मकान वैसे तो क्लर्क के मकान के सामने है और उसका गेट दूसरी गली में है। डिंपल अपने घर के सामने और पड़ोसी के घर के पीछे गाड़ी और स्कूटी खड़ी करती थीं। पड़ोसी उन्हें यहां वाहन खड़ा करने से मना करता था। इसी बीच पड़ोसी ने पिछली साइड से भी अपने मकान का दरवाजा खोल दिया थाा। इसी बात को लेकर अक्सर दोनों का झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस चाैकी और एचएसवीपी को भी कई बार शिकायत दी गई है। वहीं झगड़े के दाैरान ही पड़ोसी की स्कूटी से गिरकर हाॅर्ट अटैक से माैत हो गई थी। उसके दोनों बेटे और पत्नी विदेश में रहते हैं। बेटे ने पिता की माैत के बाद महिला क्लर्क पर भी मानसिक ताैर से परेशान करने का आरोप लगाया था। तभी से दोनों के बीच रंजिश ज्यादा बढ़ गई थी। शूटर का अस्पताल में चल रहा इलाजसीआईए-1 के प्रभारी संदीप मंढान ने बताया कि अभी पुलिस मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है। रविवार रात को पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा के सलेमपुर गांव निवासी आरोपी विकास उर्फ संजू का इलाज अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल से छुट्टी के बाद आरोपी को गिरफ्तार करके अदालत में पेश करके रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उसके बाद हत्या के कारणों और हत्या में शामिल अन्य लोगों के बारे में पता लग पाएगा। --- हत्या के मामले में पेरोल के बाद भाग गया था आरोपीआरोपी विकास उर्फ संजू का आपराधिक रिकॉर्ड है। आरोपी ने कुरुक्षेत्र जिले में हत्या की थी। इस मामले में उसे 20 साल की सजा सुनाई गई थी। इसमें उसे पेरोल मिल गई थी। पेरोल पर आने के बाद आरोपी थाईलैंड भाग गया था। आरोपी हाल ही में बैंकाॅक से लाैटा था। इसके बाद उसने शुक्रवार दोपहर को सेक्टर 9 में पहुंचकर महिला डिंपल अरोड़ा की गर्दन में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह भाग गया था। वहीं रविवार रात को पुलिस ने कर्ण लेक से इंद्री रोड पर मुठभेड़ के दाैरान उसे पकड़ लिया था। आरोपी से एक पिस्ताैल व बाइक बरामद की थी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 19, 2026, 03:04 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Karnal News: क्लर्क की हत्या में पड़ोसी पर संदेह, पुरानी रंजिश पर जांच कर रही पुलिस #NeighborSuspectedInClerk'sMurder #PoliceInvestigatingOldRivalry #SubahSamachar