Railway : एनसीआर में अब नौ नहीं 17 हो गए अमृत भारत स्टेशन, उपलब्ध होंगी हाईटेक सुविधाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद से उत्तर मध्य रेलवे को आठ और नए अमृत भारत स्टेशनों की सौगात दी है। अब उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) में अमृत भारत योजना के तहत विकसित होने वाले स्टेशनों की संख्या नौ से बढ़कर सीधे 17 हो गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पूरे एनसीआर जोन के कुल 46 रेलवे स्टेशनों को नए सिरे से संवारा जाना है। प्रधानमंत्री के इस वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर उत्तर मध्य रेलवे के सभी संबंधित स्टेशनों पर भव्य समारोह आयोजित किए गए। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) नरेश पाल सिंह ने क्षेत्र के रेल विकास का रोडमैप साझा किया। प्रयागराज मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल फतेहपुर स्टेशन पहुंचकर जनसमूह को योजना की खूबियां बताईं। वहीं, विंध्याचल स्टेशन पर सीनियर डीसीएम हरिमोहन ने मोर्चा संभाला और मां विंध्यवासिनी के धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्टेशन पर होने वाले आगामी बदलावों की रूपरेखा रखी। इन आठ स्टेशनों पर शुरू हुआ उत्सव, यात्रियों में भारी उत्साह इस महा-अभियान के तहत एनसीआर के जिन आठ नए स्टेशनों पर उद्घाटन और शिलान्यास समारोह धूमधाम से आयोजित किए गए, उनमें विन्ध्याचल, पनकी धाम, फतेहपुर, छतरपुर, हरपालपुर, डींग, टीकमगढ़ और भिंड रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इन सभी स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले यात्रियों में इस बात को लेकर भारी उत्साह है कि आने वाले दिनों में उनका अपना नजदीकी स्टेशन पूरी तरह से हाईटेक और सुंदर नजर आएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 18, 2026, 13:32 IST
Railway : एनसीआर में अब नौ नहीं 17 हो गए अमृत भारत स्टेशन, उपलब्ध होंगी हाईटेक सुविधाएं #CityStates #Prayagraj #NcrRailway #RailwayNcr #RailMantri #AmritBharatStationScheme #SubahSamachar
