Yamuna Nagar News: नीलामी से अधिक पेड़ कटने के मामले में नौशहरा का सरपंच निलंबित

साढौरा। ग्राम पंचायत नौशहरा में स्वीकृत संख्या से अधिक सफेदा के पेड़ों के कटान के मामले में डीसी ने सरपंच विशाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की प्रारंभिक जांच में पंचायत की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करने की बात सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।जानकारी के अनुसार पंचायत की ओर से 295 सफेदा पेड़ों की नीलामी की गई थी। शिकायत मिलने पर डीसी के आदेश पर गठित पांच सदस्यीय जांच समिति ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 326 पेड़ों के मूल (ठूंठ) मिले, जबकि पंचायती भूमि पर 48 बड़े गड्ढे भी पाए गए, जिससे ठूंठ हटाए जाने की आशंका जताई गई। इस प्रकार स्वीकृत संख्या से 79 अधिक पेड़ों के कटान का मामला सामने आया।मामले की शिकायत गांव नौशहरा निवासी रामकुमार ने 29 जनवरी को प्रशासन से की थी। शिकायत में नीलामी से अधिक पेड़ काटने और साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया गया था। जांच के दौरान सभी मूलों की नंबरिंग और फोटोग्राफी करवाई गई। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने सरपंच, ग्राम सचिव और ठेकेदार से स्पष्टीकरण भी मांगा। ग्राम सचिव ने अपने जवाब में बताया कि केवल 295 पेड़ों की कटाई की स्वीकृति थी। वहीं, ठेकेदार ने भी इतने ही पेड़ काटने की बात कही। सरपंच ने अपने बयान में कहा कि प्रशासन का पत्र मिलने के बाद ही उन्हें अधिक पेड़ काटे जाने की शिकायत की जानकारी मिली। हालांकि प्रशासन ने उनके जवाब को संतोषजनक नहीं माना। व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर देने के बाद भी प्रस्तुत तर्कों से असंतुष्ट रहते हुए उपायुक्त ने सरपंच को निलंबित कर दिया। डीसी ने मामले की विस्तृत जांच के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को अधिकृत करते हुए एक माह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 09, 2026, 03:37 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Yamuna Nagar News: नीलामी से अधिक पेड़ कटने के मामले में नौशहरा का सरपंच निलंबित #NausheraSarpanchSuspendedOverFellingOfTreesInExcessOfTheAuctionedQuantity. #SubahSamachar