नौगांव सीएचसी : 43 करोड़ की घोषणा हवा-हवाई
आठ महीने बाद भी कागजों में कैद है अस्पताल का विस्तारीकरणबेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं लोग नौगांव (उत्तरकाशी)। चारधाम यात्रा के प्रथम पड़ाव पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव का विस्तारीकरण नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही है। आठ माह पहले मुख्यमंत्री की ओर से अस्पताल के विस्तारीकरण की घोषणा अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई है। इससे पूर्व भी सीएचसी के विस्तारीकरण की कई बार घोषणाएं हो चुकी है। अगस्त में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव के विस्तारीकरण के लिए 43 करोड़ की घोषणा की गई थी जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, सहित नए वार्ड बनाए जाने थे। स्थानीय भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री की घोषणा को क्षेत्र हित में बताते हुए खूब वाहवाही लूटी थी लेकिन आठ माह बाद भी घोषणा के धरातल पर न उतरने से विपक्ष ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। जनपद के सबसे बड़े अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग, नेत्र, ईएनटी, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञों के पद रिक्त है जिससे बिमार लोगों को इलाज के लिए डेढ़ सौ किमी दूर देहरादून की दौड़ लगानी पड़ रही है। अस्पताल पर क्षेत्र के करीब एक सौ ग्राम पंचायतों की स्वास्थ्य की जिम्मेदारी है।वर्ष 1958 में स्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का 1987 में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकरण हुआ था। उत्तराखंड बनने के बाद भी अस्पताल में न तो विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति हो पाई और न ही अस्पताल का उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकरण हो पाया। कांग्रेस अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश इन्दवाण का कहना है कि सरकार चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित सीएचसी नौगांव की सुध नहीं ले रही है। जनता कब तक असुविधाओं का रोना रोएंगे। अस्पताल के विस्तारीकरण के लिए की गई 43 करोड़ घोषणा कागजों में सिमट कर रह गई है। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस रावत का कहना है कि मामला अभी शासन स्तर पर है जिसमें समय लगेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 25, 2026, 18:00 IST
नौगांव सीएचसी : 43 करोड़ की घोषणा हवा-हवाई #NaugaonCHC:43CroreRupeesAnnouncementIsJustEmptyTalk #SubahSamachar
