News Updates: तमिलनाडु सड़क हादसे में दो की मौत, फ्लाईओवर पर टकराए कई वाहन; बंगलूरू में महिला से कथित छेड़छाड़
तमिलनाडु के विलुप्पुरम जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना विलुप्पुरम के पास अय्यायुर अगरम फ्लाईओवर पर कई वाहनों की टक्कर के कारण हुई। पुलिस ने बताया कि हादसे की शुरुआत तब हुई, जब एक दोपहिया वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और फिसलते हुए सामने से आ रही एक लग्जरी बस से जा टकराया। इसके तुरंत बाद पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार समय रहते ब्रेक नहीं लगा सकी और बस के पिछले हिस्से से भिड़ गई। इस दुर्घटना में विलुप्पुरम निवासी भूपति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार जॉन अन्बाझगन ने भी गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बंगलूरू में कैब का इंतजार कर रही महिला से कथित छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार बंगलूरू में सड़क किनारे कैब का इंतजार कर रही एक महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामला तब सामने आया जब महिला ने 27 जुलाई को इंस्टाग्राम पर अपनी आपबीती साझा की। महिला ने आरोप लगाया कि स्कूटर सवार एक व्यक्ति उसके पास आया, आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और यौन संबंध बनाने के बदले पैसे देने का प्रस्ताव रखा। घटना राममूर्ति नगर इलाके की है, जहां महिला कैब का इंतजार कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। महिला ने उसका विरोध किया और अपने मोबाइल फोन से उसकी हरकतों का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। जब महिला ने पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी तो आरोपी वहां से चला गया। इसके बाद महिला ने आरोपी की पहचान में मदद के लिए उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया। महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा कि एक महिला होने के नाते उसे बिना डर के कैब का इंतजार करने का अधिकार है। उसने कहा कि आरोपी की बातें डराने वाली, अपमानजनक थीं और उससे उसकी सुरक्षा को लेकर भय पैदा हुआ। महिला ने अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हरकतों को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करने और लोगों से ऐसे मामलों में आवाज उठाने की भी अपील की। सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने और शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पश्चिम बंगाल में अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, STF ने सात लोगों को हिरासत में लिया पश्चिम बंगाल में कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पुरुलिया जिले में अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए सात लोगों को हिरासत में लिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि कोलकाता पुलिस की एसटीएफ ने पुरुलिया जिला पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर सोमवार रात पुरुलिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलकुरी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर एक ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि गांजे को ट्रक की चालक सीट के पीछे बने विशेष रूप से छिपाए गए खांचे में रखा गया था। इस दौरान ट्रक के साथ ओडिशा से आसनसोल की ओर जा रहे दो एस्कॉर्ट वाहनों को भी रोका गया और अभियान में कुल सात लोगों को हिरासत में लिया गया। हालांकि, मुख्यमंत्री ने बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और उसकी कीमत की जानकारी साझा नहीं की। शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्रवाई की है, जिसके लिए वे उनकी सराहना करते हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 28, 2026, 01:01 IST
News Updates: तमिलनाडु सड़क हादसे में दो की मौत, फ्लाईओवर पर टकराए कई वाहन; बंगलूरू में महिला से कथित छेड़छाड़ #IndiaNews #National #SubahSamachar
