Updates: कर्नाटक हाईकोर्ट भर्ती में अनियमितताओं पर सख्त; 2022 कोयंबटूर बम विस्फोट मामले में ED के गंभीर आरोप
कर्नाटक हाईकोर्ट ने कहा है कि कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) द्वारा 400 पशु चिकित्सा अधिकारी की भर्ती में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप अगर सच साबित होते हैं, तो यह सिर्फ छिटपुट गड़बड़ी नहीं, बल्कि सरकारी नौकरी से जुड़ी सांविधानिक व्यवस्था पर एक सुनियोजित हमले जैसा होगा। पीठ ने 29 जुलाई को हुई सुनवाई के दौरान जांच को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की याचिका पर कर्नाटक सरकार से जवाब मांगा। फर्जी कोविड प्रमाणपत्रों के फंड से खरीदे गए थे बम बनाने के सामान: ईडी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में खुलासा हुआ है कि 2022 कोयंबटूर बम विस्फोट के आरोपियों ने आतंकवादी गतिविधियों के लिए फर्जी कोविड-19 वैक्सीन प्रमाणपत्र घोटाले के जरिये धन जुटाया था। अगस्त 2021 से जून 2022 के बीच बिना टीका लगवाए लोगों को फर्जी प्रमाणपत्र देकर यह रकम जुटाई गई थी। ईडी के अनुसार, इस राशि का सीधा इस्तेमाल बम बनाने की सामग्री खरीदने और मद्रास अरबी कॉलेज (कोवई अरबी कॉलेज) की गतिविधियों को चलाने के लिए किया गया। एनआईए की एफआईआर के आधार पर शुरू हुई जांच में सामने आया कि कॉलेज के प्रमोटर जमील बाशा ने आत्मघाती हमलावर जेमेशा मुबीन और गिरफ्तार उपदेशक मोहम्मद अजहरुद्दीन समेत 12 आरोपियों को अरबी शिक्षा के नाम पर कट्टरपंथी विचारों से प्रेरित किया था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 01, 2026, 02:13 IST
Updates: कर्नाटक हाईकोर्ट भर्ती में अनियमितताओं पर सख्त; 2022 कोयंबटूर बम विस्फोट मामले में ED के गंभीर आरोप #IndiaNews #National #SubahSamachar
