Hamirpur (Himachal) News: तंग गली बनी बाधा, टुल्लू पंप से बुझाई आग
सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर सात में आग के कारण बाथरूम में रखा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम छोटी और बड़ी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंची लेकिन तंग गली होने के कारण दोनों वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय लोगों ने टुल्लू पंप की सहायता से आग पर काबू पाया।जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर सात में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे अनिल कुमारी पत्नी संजय कुमार के पक्के मकान के साथ बने बाथरूम से अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग देखकर उन्होंने आसपास के लोगों को सूचित किया और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी।आग की इस घटना में बाथरूम में रखी वाशिंग मशीन, कपड़े, गीजर और अन्य घरेलू सामान जल गया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आग मकान के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी। अग्निशमन विभाग सुजानपुर के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की बड़ी और छोटी दोनों गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं लेकिन संकरी गली होने के कारण घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद टुल्लू पंप की सहायता से पाइप बिछाकर आग बुझाई गई। उन्होंने बताया कि यदि छोटी गाड़ी को आगे जाने के लिए पर्याप्त जगह मिल जाती तो आग पर और जल्दी काबू पाया जा सकता था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 22:33 IST
Hamirpur (Himachal) News: तंग गली बनी बाधा, टुल्लू पंप से बुझाई आग #HamirpurNewsHpNews #SubahSamachar
