Kangra News: पार्षद बनते ही एक्शन मोड में नरेश, दूंदी कूहल का बहाली कार्य शुरू
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के चुनाव में सकोह वार्ड से जीत दर्ज करने के महज दो दिन बाद ही नवनिर्वाचित पार्षद नरेश कुमार एक्शन मोड में आ गए हैं। उन्होंने सकोह क्षेत्र की महत्वपूर्ण दूंदी कूहल को दुरुस्त करवाने का कार्य शुरू करवा दिया है। उन्होंने वर्षों से बंद पड़ी इस कूहल को एक सप्ताह के भीतर बहाल करने का लक्ष्य रखा है।पार्षद ने फिलहाल अपने व्यक्तिगत खर्च पर जेसीबी मशीन लगाकर खड्ड से मलबा हटाने और कूहल की मरम्मत का कार्य आरंभ करवाया है। मंगलवार को जैसे ही मशीन ने काम शुरू किया, क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। किसानों का कहना है कि वर्षों से सिंचाई व्यवस्था ठप होने के कारण उन्हें खेती के लिए पूरी तरह से बारिश पर निर्भर रहना पड़ता था। पार्षद नरेश कुमार ने बताया कि कूहल के बहाव को सुचारु बनाने के साथ-साथ इसके किनारों को मजबूत किया जा रहा है, ताकि बरसात में नुकसान न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कूहल के रखरखाव के लिए जल्द ही कोहली (जल वितरक) की तैनाती का भी प्रयास किया जाएगा, जैसी व्यवस्था पहले पंचायत काल में हुआ करती थी। इसके अतिरिक्त खड्ड के किनारे रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी जल्द करवाया जाएगा।गौरतलब है कि चुनाव प्रचार के दौरान चौधरी नरेश भरवाल ने स्थानीय लोगों से कूहल को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करवाने का वादा किया था। चुनाव परिणाम आने के बाद उन्होंने बिना देरी किए अपने इस वादे को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है।दूंदी कूहल को बहाल करना मेरी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। कूहल के दुरुस्त होने से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, जिससे कृषि गतिविधियों को नई गति मिलेगी। वार्ड के अन्य विकास कार्यों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। -नरेश कुमार, नवनिर्वाचित पार्षद, सकोह वार्ड
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 19:12 IST
Kangra News: पार्षद बनते ही एक्शन मोड में नरेश, दूंदी कूहल का बहाली कार्य शुरू #KangraNews #TodayKangraNwes #KangraHindiNews #SubahSamachar
