Bihar: करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं, फसल बचाने के लिए बिछाई गई थी तार
नालंदा जिले के नालंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत नीरपुर गांव में मंगलवार की देर रात एक दुखद घटना घटी, जिसने शादी वाले घर के उल्लास को पल भर में चीख-पुकार में बदल दिया। अपनी चचेरी बहन की शादी की तैयारियों में हाथ बंटा रहे 16 वर्षीय किशोर अंकुश कुमार की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक गांव निवासी धर्मेंद्र मिस्त्री का पुत्र था। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की तैयारी के बीच हुआ हादसा अंकुश के घर में चचेरी बहन की शादी का उत्सव था और वह मंगलवार की रात टेंट के टेबल लगाने समेत अन्य व्यवस्थाओं में व्यस्त था। इसी दौरान वह अपने दोस्तों के साथ घर के पास स्थित खेत की ओर शौच के लिए गया था। फसल बचाने के लिए बिछाए गए तार बने जानलेवा बताया जाता है कि जंगली जानवरों से फसल की रक्षा करने के लिए खेत के चारों ओर अवैध रूप से नंगे तार बिछाकर उनमें बिजली प्रवाहित की गई थी। अंधेरे में अंकुश का पैर इन तारों के संपर्क में आ गया और वह बुरी तरह झुलस गया। साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया और परिजनों को इसकी सूचना दी। अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत परिजनों ने आनन-फानन में अंकुश को गंभीर स्थिति में जुआफर बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई पंकज और पिता धर्मेंद्र मिस्त्री ने बताया कि मकई के खेत में सुरक्षा के नाम पर बिछाए गए मौत के जाल ने उनके मासूम की जान ले ली। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध तारबंदी पहले भी छोटी-मोटी घटनाओं का कारण बनती रही है, लेकिन इस बार इसने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। ये भी पढ़ें:नालंदा में समधी मिलन से पहले ही टूटी सांसों की डोर, सड़क हादसे में पिता की मौत से शादी की खुशियां मातम पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। बिहार थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार का बयान दर्ज कर लिया है और संबंधित थाना क्षेत्र को मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 29, 2026, 07:56 IST
Bihar: करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं, फसल बचाने के लिए बिछाई गई थी तार #CityStates #Crime #Bihar #Patna #Nalanda #Neerupur #TeenagerDeath #ElectricShockAccident #Marriage #Mourning #AnkushKumar #ElectricWire #IllegalFencing #Farm #SubahSamachar
