राजस्थान: बस से अचानक उठा धुआं, फिर भड़की आग; 13 यात्रियों ने समय रहते बचाई जान

नागौर शहर में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती टूरिस्ट मिनी बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी मिनी बस धू-धू कर जलने लगी। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए। जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में बीकानेर-डीडवाना रेलवे फाटक पार करने के बाद हुई। सुजानगढ़ के नया बास निवासी एक ही परिवार के 13 सदस्य रामदेवरा दर्शन कर वापस सुजानगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक मिनी बस में आग लग गई। बस से धुआं निकलता देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तत्काल बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और सड़क पर मिनी बस धू-धू कर जलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ये भी पढ़ें-कन्हैया लाल हत्याकांड: 'आतंकवाद राष्ट्र की आत्मा पर चोट', हाईकोर्ट ने खारिज की पांच आरोपियों कीजमानत याचिकाएं कोतवाली थाना प्रभारी रामरतन चौधरी के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में मिनी बस में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लगने की बात सामने आई है। हादसे में बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 13 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बड़ा हादसा टलने से परिवार ने राहत की सांस ली।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 05, 2026, 00:37 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




राजस्थान: बस से अचानक उठा धुआं, फिर भड़की आग; 13 यात्रियों ने समय रहते बचाई जान #CityStates #Crime #Nagaur #Rajasthan #NagaurBusAccident #Mini-busFire #TouristBus #BusFire #Nigamra #SagarBasta #ShortCircuit #SubahSamachar