Meerut News: डेयरी के पानी से जलभराव पर सख्त हुई नगर पंचायत, 10 संचालकों को नोटिस जारी
संवाद न्यूज एजेंसी सरूरपुर। कस्बा खिवाई में डेयरियों से निकलने वाले पानी के कारण सड़क पर हो रहे जलभराव को लेकर नगर पंचायत ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार शिकायतें मिलने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने संबंधित डेयरी संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आर्थिक दंड के साथ अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।कस्बा खिवाई के करनावल-खिवाई मार्ग पर डेयरियों से निकलने वाला पानी लंबे समय से सड़क पर बह रहा है। इससे मार्ग पर कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़क पर गंदा पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कई बार नगर पंचायत से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की थी। शिकायतों के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने मौके का निरीक्षण कराया। जांच में पाया गया कि कुछ डेयरी संचालक अपशिष्ट पानी को सीधे सड़क और नालियों में छोड़ रहे हैं। नगर पंचायत ने इदरीश, मंजूर, हसमत, हसरत पुत्रगण रफीक, इसरार, इकबाल, हनीफ, शाहरुख, मुस्तफा और जमीदार को नोटिस जारी कर तत्काल प्रभाव से व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जलभराव के कारण फिसलन बढ़ गई है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है। अधिशासी अधिकारी हरि नारायण ने बताया कि सार्वजनिक मार्गों पर जलभराव किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डेयरी संचालकों को नोटिस जारी कर पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि नोटिस के बावजूद सड़क पर पानी बहाना जारी रहा तो संबंधित लोगों पर आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 21:29 IST
Meerut News: डेयरी के पानी से जलभराव पर सख्त हुई नगर पंचायत, 10 संचालकों को नोटिस जारी #NagarPanchayatTakesStrictActionAgainstWaterloggingCausedByDairyWater #IssuesNoticesTo10Operators #SubahSamachar
