Bihar: मुजफ्फरपुर आईसीयू अग्निकांड में बड़ा एक्शन, डॉक्टर समेत तीन गिरफ्तार; छह मौतों के बाद हुई सख्त कार्रवाई
मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल में हुए आईसीयू अग्निकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अस्पताल का एक डॉक्टर, मेंटेनेंस हेड और अस्पताल का एडमिन शामिल है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में लापरवाही के संकेत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि यह मामला अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी के आवेदन पर ब्रह्मपुरा थाना में दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि, गुरुवार तड़के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भीषण आग लग गई थी। इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मरीज घायल हो गए। घायलों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, वहीं कुछ मरीजों का इलाज पटना में चल रहा है। घटना के बाद तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने अस्पताल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए डॉक्टर, मेंटेनेंस हेड और एडमिन की कथित लापरवाही के कारण मरीजों की जान जाने की आशंका जताई गई है। वहीं अस्पताल के निदेशक और प्रबंधक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान अस्पताल भवन के निर्माण मानकों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और फायर सेफ्टी नियमों की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अस्पताल का फायर ऑडिट निर्धारित मानकों के अनुसार हुआ था या नहीं। ये भी पढ़ें- Bihar: प्रेम, शादी और फिर प्रताड़ना: दहेज न मिलने पर महिला को घर से निकाला; पति ने अपनाने से किया इनकार सिटी एसपी ने कहा कि यदि जांच में अस्पताल प्रबंधन या मालिक की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 05, 2026, 12:23 IST
Bihar: मुजफ्फरपुर आईसीयू अग्निकांड में बड़ा एक्शन, डॉक्टर समेत तीन गिरफ्तार; छह मौतों के बाद हुई सख्त कार्रवाई #CityStates #Bihar #Muzaffarpur #MuzaffarpurNews #MuzaffarpurHospitalFire #PrasadHospitalFire #IcuFireIncident #BiharNews #HospitalNegligence #DoctorArrested #FireSafetyAudit #MuzaffarpurAccident #SubahSamachar
