Bihar: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा भारत, लोगों ने मनाया जश्न… पटाखे फूटे, उड़ी गुलाल, कहा- मिला होली गिफ्ट
टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम इंडिया की इस शानदार जीत के बाद पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ गई। मुजफ्फरपुर में लोगों ने जमकर जश्न मनाया। कई जगहों पर पटाखे फोड़े गए, गुलाल उड़ाई गई और मिठाइयां बांटी गईं। लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए और कहा कि टीम इंडिया ने देश को होली का शानदार गिफ्ट दिया है। अब पूरा देश उम्मीद कर रहा है कि भारत एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप का विजेता बनेगा। कल्याणी चौक पर जश्न में डूबे लोग मुजफ्फरपुर शहर के हृदय स्थल कल्याणी चौक के पास भारत की जीत का खास जश्न देखने को मिला। यहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और जमकर पटाखे फोड़े। लोगों ने गाने गाए, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जमकर जश्न मनाया। कई लोग देशभक्ति के गीतों पर नाचते नजर आए। माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा बन गया और हर तरफ भारत की जीत की खुशी दिखाई दी। लोगों ने कहा- गेंदबाजों ने कर दिया कमाल जश्न मना रहे लोगों ने कहा कि एक समय ऐसा लगा था कि भारत के लिए मुकाबला थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन उन्हें भरोसा था कि टीम इंडिया हारने वाली नहीं है। लोगों ने कहा कि भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को बाहर का रास्ता दिखा दिया और भारत को फाइनल में पहुंचा दिया। हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे लोग जश्न के दौरान बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा झंडा लेकर सड़कों पर उतर आए। लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए और देशभक्ति के गीतों पर नाचते हुए अपनी खुशी जाहिर की। 1947 की याद दिलाई मौके पर मौजूद कमलेश्वर प्रसाद ने कहा कि जिस तरह 1947 में भारत ने अंग्रेजी हुकूमत को बाहर का रास्ता दिखाया था, उसी तरह आज क्रिकेट के मैदान में भी भारत ने इंग्लैंड को हरा दिया है। उन्होंने कहा कि इस जीत से देश का मान और सम्मान और बढ़ गया है। अब उम्मीद है कि भारत टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल भी जीतेगा और विश्व कप देश लेकर आएगा। भारत अब जीतने वाली टीम बन चुका है जश्न में शामिल संदीप कुमार ने कहा कि भारत अब हारने वाली नहीं बल्कि जीतने वाली टीम बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत चुका है और अब टी20 वर्ल्ड कप जीतने की बारी है। आज की जीत की खुशी में हम सभी लोग जश्न मना रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि भारत फाइनल भी जीतकर इतिहास बनाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 05, 2026, 23:25 IST
Bihar: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा भारत, लोगों ने मनाया जश्न… पटाखे फूटे, उड़ी गुलाल, कहा- मिला होली गिफ्ट #CityStates #Bihar #Muzaffarpur #BiharNews #MuzaffarpurNews #SubahSamachar
