बिहार: महानवमी पर माता सिद्धिदात्री की पूजा, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन सोमवार को महानवमी के अवसर पर मां दुर्गा के नौवें स्वरूप माता सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की जा रही है। देवी मां की भक्ति में पूरा वातावरण श्रद्धा और आस्था से सराबोर है। अहले सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। महिला श्रद्धालु माता का खोइछा भरने की पारंपरिक रस्म निभा रही हैं। वहीं, भक्त हवन और पूजन के साथ माता की आराधना में जुटे हैं। महानवमी को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। शहर के प्रसिद्ध संतोषी माता मंदिर में भी भक्तों का रेला उमड़ पड़ा है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिरों में हवन के साथ कन्या पूजन की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। पढ़ें:मोकामा विधायक अनंत सिंह और जनसुराज के एमएलसी प्रत्याशी पर एफआईआर, जानें किस मामले में हुआ केस दर्ज मान्यता है कि माता सिद्धिदात्री अपने भक्तों को सिद्धियां और सुख-समृद्धि प्रदान करती हैं। इस दिन श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-पाठ करते हैं और माता से परिवार की सुख-शांति तथा खुशहाली की कामना करते हैं। नवरात्र के दौरान व्रत रखने वाले श्रद्धालु भी विधि-विधान से पूजन कर रहे हैं। महाअष्टमी का व्रत रखने वाले कुछ श्रद्धालु पारण कर रहे हैं, जबकि अन्य भक्त महानवमी की पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। महानवमी पर कन्या पूजन का विशेष महत्व है। इस अवसर पर शहर से लेकर गांवों तक घरों और मंदिरों में कन्याओं का पूजन किया जा रहा है। श्रद्धालु कन्याओं को भोजन कराकर उन्हें मिष्ठान और अन्य भेंट दे रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कन्या पूजन से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और भक्तों को सुख-समृद्धि तथा मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद देती हैं। मंदिरों में जयकारों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु माता की आराधना कर रहे हैं। महानवमी के पर्व पर पूजा-पाठ, हवन और कन्या पूजन को लेकर भक्तों में उत्साह बना हुआ है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 19, 2026, 12:19 IST
बिहार: महानवमी पर माता सिद्धिदात्री की पूजा, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ #CityStates #Bihar #Muzaffarpur #BiharNews #MuzaffarpurNews #Mahanavami2026 #SharadiyaNavaratri #GoddessSiddhidatri #MotherDurgaPuja #MahanavamiPuja #MahanavamiKanyaPujan #NavaratriHavan #SantoshiMataTemple #SubahSamachar
