Bihar: घर लौट रहे फाइनेंस कर्मी को बदमाशों ने मारी गोली, पेट में लगी गोली; इलाके में दहशत
मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र में देर रात हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बकटपुर हाट बाजार के पास घर लौट रहे एक निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज शहर के अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के मुरौल ओपी अंतर्गत मोहम्मदपुर गांव निवासी राजीव कुमार (25) के रूप में हुई है। वह अजय पासवान का पुत्र है और एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि राजीव कुमार शहर में अपना काम पूरा करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बकटपुर हाट बाजार से आगे बढ़ने पर उन्हें कुछ संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पीड़ित के अनुसार तीन बदमाश रास्ते में लोगों को रोक रहे थे। उन्होंने बिना रुके अपनी बाइक आगे बढ़ा दी, जिससे नाराज होकर बदमाशों ने पहले हवाई फायरिंग की और फिर उन पर गोली चला दी। गोली राजीव कुमार के पेट के नीचे जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से शहर की ओर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीण गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को संभाला। इसके बाद घटना की सूचना मुशहरी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए मुशहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए शहर के अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल के परिजनों ने बताया कि राजीव रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहे थे। घटना की जानकारी ग्रामीणों से मिलने के बाद वे अस्पताल पहुंचे। ये भी पढ़ें- Bihar News: जदयू विधायक को धमकी दिलाने के आरोप में आरओ पर केस दर्ज, अधिकारी ने दी यह दलील, जानें पूरा मामला मुशहरी थाना के सब इंस्पेक्टर जय किशोर सिंह ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घायल युवक का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 09, 2026, 02:19 IST
Bihar: घर लौट रहे फाइनेंस कर्मी को बदमाशों ने मारी गोली, पेट में लगी गोली; इलाके में दहशत #CityStates #Crime #Bihar #Muzaffarpur #BiharNews #MuzaffarpurNews #MuzaffarpurShootingNews #MushahariPoliceStation #FinanceEmployeeShot #BiharCrimeNews #BakatpurHaatMarket #RajivKumarInjured #MuzaffarpurCrime #BiharFiringIncident #SubahSamachar
