Bihar: डीएम के नाम पर साइबर ठगी! वियतनाम नंबर से बना फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
मुजफ्फरपुर में साइबर अपराधियों ने इस बार जिला प्रशासन के सबसे बड़े अधिकारी को ही निशाना बना लिया। साइबर ठगों ने जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग करते हुए एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बना लिया। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और साइबर सेल हरकत में आ गए हैं। जानकारी के अनुसार, जिस मोबाइल नंबर से यह फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया है, उसमें वियतनाम का नंबर और लोकेशन दिखाई दे रहा है। साइबर अपराधियों ने डीएम सुब्रत कुमार सेन की तस्वीर लगाकर उनके नाम से लोगों को मैसेज भेजने शुरू कर दिए थे। आशंका जताई जा रही है कि लोगों से ठगी करने के उद्देश्य से यह फर्जी अकाउंट तैयार किया गया था। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तुरंत लोगों को सतर्क रहने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि डीएम सुब्रत कुमार सेन का ऐसा कोई व्हाट्सएप अकाउंट नहीं है और न ही वे किसी से सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए पैसे मांगते हैं। ये भी पढ़ें- Bihar: कारगिल के वीर सपूत नायक परमानंद सिंह का निधन, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई इस पूरे मामले पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि साइबर ठग अब सरकारी अधिकारियों और प्रतिष्ठित लोगों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद वे आर्थिक सहायता, बैंक डिटेल, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी मांगकर ठगी को अंजाम देते हैं। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने भी लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान नंबर या संदिग्ध प्रोफाइल से आने वाले मैसेज पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रशासनिक अधिकारी सोशल मीडिया मैसेंजर के जरिए व्यक्तिगत रूप से पैसे नहीं मांगता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाता विवरण, पासवर्ड या निजी दस्तावेज किसी के साथ साझा न करें। साथ ही केवल सत्यापित सरकारी सोशल मीडिया अकाउंट को ही फॉलो करें और किसी भी प्रोफाइल पर भरोसा करने से पहले उसकी गतिविधियों और हिस्ट्री की जांच जरूर करें। तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर पर करें शिकायत प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को इस फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट या किसी अन्य संदिग्ध डिजिटल प्रोफाइल से मैसेज मिलता है, तो उसका स्क्रीनशॉट लेकर तुरंत स्थानीय थाना, साइबर सेल या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। घटना के बाद साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फर्जी अकाउंट संचालित करने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 20, 2026, 18:44 IST
Bihar: डीएम के नाम पर साइबर ठगी! वियतनाम नंबर से बना फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट #CityStates #Crime #Bihar #Muzaffarpur #BiharNews #MuzaffarpurNews #MuzaffarpurCyberFraud #DmFakeWhatsappAccount #SubratKumarSenFakeAccount #BiharCyberCrime #WhatsappScamBihar #VietnamNumberFraud #CyberAlertNews #SubahSamachar
