उज्जैन में धूल उड़ने पर विवाद: मजदूर पर फावड़े और बेल्ट से हमला, पिता-पुत्र पर पुलिस ने किया केस दर्ज
उज्जैन के पंवासा थाना क्षेत्र स्थित पांड्याखेड़ी में मकान निर्माण के दौरान धूल उड़ने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसियों ने एक मजदूर पर फावड़े और बेल्ट से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मजदूर को थाने बुलाकर उसकी शिकायत दर्ज की और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण कायम किया। पुलिस के अनुसार घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की है। श्याम प्रजापत नामक मजदूर अपने घर के पास ही निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा था। वह ऊपरी मंजिल से रेत की तगाड़ी नीचे डाल रहा था, तभी वहां से गुजर रहे सादिक शाह पर धूल और रेत के कण उड़ गए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि सादिक शाह ने श्याम को नीचे बुलाकर फावड़े से मारना शुरू कर दिया। श्याम ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन सादिक फावड़ा लेकर उसके पीछे दौड़ा। इसी दौरान सादिक के बेटे इरशाद और इकबाल भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी श्याम के साथ थप्पड़, मुक्कों और बेल्ट से मारपीट की। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। पढ़ें:फाल्गुन सप्तमी पर बाबा महाकाल के त्रिनेत्र स्वरूप के दिव्य दर्शन, जयघोष से गूंजा महाकाल मंदिर परिसर पंवासा थाना प्रभारी गमर सिंह मंडलोई ने बताया कि श्याम के थाने पहुंचने पर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। चोटों के आधार पर सादिक शाह और उसके दोनों बेटों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को जेल भेज दिया है। वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 24, 2026, 04:19 IST
उज्जैन में धूल उड़ने पर विवाद: मजदूर पर फावड़े और बेल्ट से हमला, पिता-पुत्र पर पुलिस ने किया केस दर्ज #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Ujjain #UjjainNews #UjjainHindiNews #UjjainViralNews #UjjainLatestNews #SubahSamachar
