Delhi NCR News: प्रीत विहार के पार्किंग विवाद में हत्यारोपी गौरव, सौतेला बेटा व दोस्त गिरफ्तार
दो दिन पहले कपड़ा कारोबारी की गोली मारकर की थी हत्या, कोर्ट ने तीनों आरोपियों को तीन दिन के लिए रिमांड पर भेजा -दो अन्य आरोपियों की पुलिस को तलाश, अवैध पिस्टल बरामद करने का प्रयास कर रही पुलिस-मंगलवार शाम को ए-ब्लॉक से मेन रोड तक पीड़ित परिवार ने निकाला कैंडल मार्च, न्याय की गुहारअमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। प्रीत विहार के ए-ब्लॉक में रविवार देर रात पार्किंग विवाद में नोएडा सेक्टर-121 निवासी पंकज नैय्यर (34) की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को दबोचा है। आरोपियों की पहचान मुख्य आरोपी गौरव (42) के दोस्त सुनील शर्मा (41) और गौरव के सौतेले बेटे सिद्धार्थ शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस को मामले में कई और आरोपियों की तलाश है। लोकल पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ और एंटी स्नेचिंग टीम आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला झगड़े के दौरान गौरव के सौतेले बेटे सिद्धार्थ ने पंकज व पारस से हाथापाई की थी। उसने ने गौरव को गोली चलाने के लिए उकसाया था। दोस्तों व सौतेले बेटे के उकसाने पर गौरव शर्मा ने पंकज पर गोली चला दी। पंकज को गोली लगने के बाद भी आरोपी ने उस पर दो-तीन राउंड गोलियां चलाईं, हालांकि एक ही गोली उसे लगी। पुलिस ने मंगलवार को गौरव को कड़कड़डूमा कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस गौरव से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद करने का प्रयास कर रही है। छानबीन में पुलिस को पता चला है कि पिस्टल गौरव ने 2021 में अपने बड़े भाई से ली थी। पिस्टल अवैध है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर बाकी आरोपियों की पहचान करने के अलावा पिस्टल बरामद करने का प्रयास करेगी। दूसरी ओर जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी गौरव शर्मा 2021 में गुजरात के अहमदाबाद में दो माह जेल में भी रहा था। इसके खिलाफ जीएसटी का एक मामला दर्ज था। उस मामले में गिरफ्तार होने के बाद इसे जेल भेज दिया गया था। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी और कितने मामलों में शामिल रहा है। मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिद्धार्थ गौरव की दूसरी पत्नी का बेटा है। गौरव की पहली पत्नी की मौत हो गई थी। उसने दूसरी शादी की तो सिद्धार्थ दूसरी पत्नी का बेटा है। वह गौरव के साथ ही उसके फ्लैट में रहता है। अधिकारियों ने कहा कि बाकी दो और आरोपियों की भी पहचान की गई है।परिजनों ने निकाला कैंडल मार्च : पंकज के परिवार ने सोमवार देर रात को परिजनों ने बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रीत विहार थाने के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने परिवार को आश्वासन दिया कि वह जल्द ही बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। परिजनों ने पंकज को इंसाफ दिलवाने के लिए मंगलवार शाम को प्रीत विहार ए-ब्लॉक से मेन रोड तक एक कैंडल मार्च निकाला। इसमें आसपास के लोग भी शामिल थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 21, 2026, 19:52 IST
Delhi NCR News: प्रीत विहार के पार्किंग विवाद में हत्यारोपी गौरव, सौतेला बेटा व दोस्त गिरफ्तार #MurderAccusedGaurav #StepsonAndFriendArrestedInPreetViharParkingDispute #SubahSamachar
