Moradabad News: ओडीओसी से मुरादाबादी दाल को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान

मुरादाबाद। मुरादाबादी दाल का स्वाद अब पश्चिमी यूपी तक ही सिमट कर नहीं रहेगा। अब मुरादाबादी दाल की खुशबू देश-विदेशों में फैलेगी। एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) से इस दाल को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। इसे ब्रांड बनाकर बड़े बाजार तक पहुंचाने की रणनीति पर सरकार की ओर से काम शुरू हो गया है। प्रदेश सरकार ने एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना के तहत प्रदेश के 75 जिलों के प्रमुख व्यंजनों की व्यापक मैपिंग पूरी कर ली है। इसमें मुरादाबादी दाल को भी शामिल किया गया है। एक जिला एक व्यंजन का शासनादेश भी जारी हो गया है। इससे मुरादाबादी दाल को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद जागी है। माना जा रहा कि इससे न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे बल्कि शहर की पहचान को मजबूती भी मिलेगी। मुरादाबादी दाल का स्वाद केवल मुरादाबाद ही नहीं बल्कि पूरे उत्तरी इलाकों में अपनी पहचान बनाए हुए हैं।शहर में सुबह शाम के समय हर मोहल्ले और हर मोड़ पर दाल के ठेले दिखाई देते हैं। गुरहट्टी, ताड़ीखाना, मंडी चौक, पीली कोठी, टाउनहॉल, चौमुखापुल, गांधी नगर, बुद्धि विहार, स्टेशन रोड समेत शहर के हर छोटे-बड़े इलाकों में करीब 400 कारोबारी दाल के ठेले लगाए हुए हैं। वहीं सुबह के नाश्ते और शाम के स्नेक्स के समय इन ठेलों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। दाल के कारोबारी मुरादाबाद में दाल का ठेला लगाने के साथ ही दूसरे शहरों की शादियों में भी दाल के ठेले लगा रहे हैं। हर शहर की शादियों में बाकी व्यंजनों के साथ ही मुरादाबादी दाल का स्टॉल लगना भी अनिवार्य हो गया है। दाल का स्टाॅल लगाने वाले मोनू यादव का कहना है कि वह अब तक दिल्ली, अमृतसर, चंडीगढ़, नोएडा, हापुड़, बरेली, काशीपुर समेत कई शहरों में दाल का स्टॉल लगा चुके हैं। सिर्फ मोनू ही नहीं शहर में ऐसे तमाम कारोबारी हैं जो आम दिनों में शहर में दाल का स्टॉल लगाते हैं और शादियों के सीजन में कई शहरों की शादियों में स्टॉल लगाकर अच्छी आमदनी कर रहे हैं।00दाल के स्वाद को खास बनाता है स्पेशल मसाला मुरादाबाद। मूंग की दाल को स्वादिष्ट बनाने के लिए कारोबारी कई मसालों का इस्तेमाल करते हैं। बाजार का जीरा, चाट मसाला, लाहौरी मिर्च, मक्खन, पापड़ी और नींबू डालने के साथ ही घर में स्पेशल मसाला तैयार करते हैं, जिससे दाल को और भी स्वादिष्ट बनाया जाता है। दाल का स्टाॅल लगाने वालों का कहना है कि दाल में वह स्पेशल मसाला डालते हैं। इस मसाले को घर पर तैयार किया जाता है। ब्यूरो00खूब खाई जाती है दाल जलेबी मुरादाबाद। 400 साल पुरानी मूंग दाल की रेसिपी जिसमें लोग दाल को उबालकर उसमें मसाले डालकर चटपटा बनाते थे, अब इसी दाल की रेसिपी में कुछ अलग स्वाद भी डाला गया है। अब लोग इसमें जलेबी डाल कर खा रहे हैं। मुरादाबादी दाल के साथ मुरादाबादी दाल जलेबी के भी लोग दीवाने हो गए हैं। दूर-दराज से लोग इसे खाने के लिए मुरादाबाद आते हैं। ब्यूरो

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 07, 2026, 02:40 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Moradabad News: ओडीओसी से मुरादाबादी दाल को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान #MuradabadiDalToGainInternationalRecognitionThroughODOC #SubahSamachar