Mumbai: लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर आमिर को स्वीडन-कनाडा से दी गई धमकी, मुंबई पुलिस की जांच में अहम खुलासा
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को हाल में मिले धमकी भरे कॉल और वॉइस मैसेज की जांच में मुंबई पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती टेक्निकल इन्वेस्टीगेशन में धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए इंटरनेट आधारित कॉल्स के डिजिटल एड्रेस स्वीडन और कनाडा से जुड़े मिले हैं। पुलिस का कहना है कि धमकी जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल करते हुए इंटरनेट कॉलिंग के जरिए दी गई थी। अब इन दोनों देशों के संबंधित अधिकारियों और जिन डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया, उनसे जानकारी मांगी गई है, ताकि धमकी देने वाले तक पहुंचा जा सके। लव जिहाद को बढ़ाने का लगाया आरोप पुलिस के अनुसार, खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य आरजू बिश्नोई बताने वाले व्यक्ति की ओर से एक वॉइस मैसेज भी प्रसारित किया गया। इस मैसेज में आमिर खान पर हिंदू महिलाओं से विवाह कर 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है। इसी मैसेज में अभिनेता को जान से मारने की धमकी भी दी गई। रिकॉर्डिंग में कहा गया कि ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और जल्द ही अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मैसेज में यह दावा भी किया गया कि बिश्नोई गिरोह ऐसा हमला करेगा कि आमिर खान और उनसे जुड़े लोग भविष्य में ऐसा कदम उठाने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हो जाएंगे। पुलिस ने क्या खुलासा किया मुंबई पुलिस के अनुसार, यह वॉइस मैसेज सबसे पहले एक एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए भारत पहुंचा और उसके बाद सोशल मीडिया तथा कुछ पत्रकारों तक फैल गया। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मैसेज सबसे पहले किसने वायरल किया और इसका वास्तविक स्रोत कौन है। हालांकि आमिर खान की ओर से अभी तक किसी पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने उनके बांद्रा के पाली हिल स्थित घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अभिनेता कुछ दिनों तक विदेश में थे और हाल ही में भारत लौटे हैं। उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। मुंबई पुलिस की साइबर सेल और क्राइम ब्रांच यह भी जांच कर रही है कि धमकी देने के लिए इंटरनेट कॉलिंग सेवा का इस्तेमाल किस तरह किया गया। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे मामलों में कई बार अलग-अलग देशों में मौजूद सर्वरों और इंटरनेट सेवाओं का इस्तेमाल कर वास्तविक पहचान छिपाने की कोशिश की जाती है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से तकनीकी जानकारी मांगी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी देने वालों तक पहुंचा जा सकेगा। कई सेलिब्रिटीज को मिल चुकी हैं धमकियां हिंदी फिल्म जगत की कई चर्चित सेलिब्रिटीज को पिछले कुछ समय से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर लगातार धमकियां मिल रही हैं। सबसे अधिक निशाने पर अभिनेता सलमान खान रहे हैं। वर्ष 1998 के काले हिरण शिकार मामले के बाद शुरू हुआ विवाद बीते वर्षों में लगातार बढ़ता गया। पिछले वर्ष सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर गोलीबारी की घटना भी हुई थी और उसके बाद उन्हें कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। इस वर्ष फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित मकान पर भी गोलीबारी की घटना हुई थी। पुलिस के अनुसार नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर कम से कम पांच गोलियां चलाई गई थीं, जिनमें एक गोली जिम के शीशे में लगी थी। इस मामले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लेकिन लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई अभी भी फरार हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि आमिर खान को दी गई ताजा धमकी का संबंध कहीं उसी नेटवर्क से तो नहीं है, जो पहले फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाता रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 30, 2026, 05:58 IST
Mumbai: लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर आमिर को स्वीडन-कनाडा से दी गई धमकी, मुंबई पुलिस की जांच में अहम खुलासा #IndiaNews #National #Mumbai #AmirKhan #LawrenceBishnoiGang #SubahSamachar
