Rishikesh News: हीरालाल मार्ग पर खच्चर का उत्पात, लोगों को काटकर किया घायल
- रेलवे स्टेशन से लेकर हीरालाल पीपल के पेड़ और परशुराम चौक तक मचाया उत्पात- सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ हमला, स्थानीय लोगों ने रस्सी से काबू कर खच्चर को सुरक्षित स्थान पर छोड़ाऋषिकेश। शहर में निराश्रित पशुओं का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह एक निराश्रित खच्चर ने रेलवे स्टेशन और हीरालाल मार्ग पर जमकर उत्पात मचाया। खच्चर ने दोनों स्थानों पर राह चलते नौ से 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों को राजकीय उपजिला चिकित्सालय में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना ने शहर में निराश्रित पशुओं की समस्या और नगर निगम की कार्रवाई पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार सुबह करीब 10 बजे खच्चर ने ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर लोगों पर हमला कर दिया। स्थानीय दुकानदारों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे वहां से खदेड़ा लेकिन कुछ देर बाद उसने हीरालाल मार्ग स्थित पीपल के पेड़ के पास कई लोगों को घायल कर दिया। करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से खच्चर पर काबू पाया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। स्थानीय निवासी विनोद कश्यप ने बताया कि हीरालाल मार्ग पर पिछले कई वर्षों से निराश्रित सांडों की समस्या बनी हुई है। इनके हमलों में कई लोग घायल हो चुके हैं और वाहन भी क्षतिग्रस्त हैं। मार्ग पर दिनभर पशुओं के जमावड़े से यातायात प्रभावित होता है और दुकानदारों व राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने निराश्रित पशुओं की समस्या पर नगर निगम से प्रभावी कार्रवाई की मांग की। रविवार के चलते टीम अवकाश पर है सोमवार सुबह टीम को भेज कर रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।- विजय नाथ शुक्ल- नगर आयुक्त -नगर निगम ऋषिकेश
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 11, 2026, 18:01 IST
Rishikesh News: हीरालाल मार्ग पर खच्चर का उत्पात, लोगों को काटकर किया घायल #MuleRampageOnHiralalMarg;PeopleInjuredAfterBeingBitten #SubahSamachar
