MP Weather Today: नौतपा में गर्मी नहीं, आंधी-बारिश का रिकॉर्ड, 9 दिन मौसम रहा मेहरबान, 36 जिलों में फिर अलर्ट
जिस नौतपा को भीषण गर्मी और लू के लिए जाना जाता है, इस बार उसने बिल्कुल अलग तस्वीर दिखाई। पूरे नौ दिनों तक मध्य प्रदेश के किसी न किसी हिस्से में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर चलता रहा। नतीजा यह रहा कि प्रदेश से लू पूरी तरह गायब हो गई और अधिकांश शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। अब मौसम विभाग ने बुधवार को भी इंदौर, उज्जैन समेत 36 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। नौतपा में बदला रहा मौसम का मिजाज इस बार नौतपा के दौरान भीषण गर्मी की जगह बादल, तेज हवाएं और बारिश छाई रही। कई जिलों में ओले गिरने से तापमान में 8 से 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। आमतौर पर नौतपा के दिनों में प्रदेश के कई शहर 45 डिग्री के पार पहुंच जाते हैं, लेकिन इस बार अधिकांश स्थानों पर पारा 40 डिग्री के नीचे बना हुआ है। 36 जिलों में फिर आंधी-बारिश की चेतावनी मौसम विभाग के अनुसार नीमच, मंदसौर और आगर-मालवा में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, राजगढ़, खरगोन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर और बड़वानी समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बड़े शहरों में पारा 40 डिग्री से नीचे मौसम के बदले मिजाज का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। भोपाल और ग्वालियर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री, उज्जैन में 37.5 डिग्री, इंदौर में 38.2 डिग्री और जबलपुर में 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह भी पढ़ें-9 जून को EOW के सामने सबूत पेश करेंगे कांग्रेस नेता, जीतू पटवारी का सरकार पर तंज मानसून की दस्तक हो सकती है देर से मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन के प्रभाव से बारिश का दौर बना हुआ है। हालांकि इस बार मानसून की दस्तक सामान्य तारीख से 5 से 7 दिन देर से होने की संभावना है। प्रदेश में मानसून के 20 से 22 जून के बीच पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। मई में गर्मी भी पड़ी, बारिश भी हुई मई महीने के पहले पखवाड़े में बारिश और आंधी का दौर रहा, जबकि दूसरे पखवाड़े में भीषण गर्मी ने रिकॉर्ड बनाए। खजुराहो में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। इसके बावजूद महीने के अंत में मौसम ने करवट ली और नौतपा के दौरान लगातार बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मई में सामान्य से करीब 56 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। यह भी पढ़ें-15 साल पुरानी मशीनें, क्षमता से ज्यादा चल चुकीं,13 में से सिर्फ 8 चालू अगले चार दिन राहत के संकेत मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 6 जून तक प्रदेश में आंधी, बारिश और बादलों का असर बना रहेगा। इस दौरान कहीं भी हीटवेव की संभावना नहीं है। यानी नौतपा खत्म होने के साथ ही मध्य प्रदेश के लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलती रहेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 03, 2026, 04:52 IST
MP Weather Today: नौतपा में गर्मी नहीं, आंधी-बारिश का रिकॉर्ड, 9 दिन मौसम रहा मेहरबान, 36 जिलों में फिर अलर्ट #CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #Ujjain #Gwalior #Jabalpur #Chhatarpur #Chhindwara #Umaria #Sagar #Satna #Morena #Sehore #Rewa #Bhind #Datia #Rajgarh #Panna #SubahSamachar
