MP Weather: मानसून की सुस्त चाल से बढ़ी चिंता, प्रदेश में 39% बारिश की कमी,39 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार इस बार धीमी पड़ गई है। आमतौर पर जून के मध्य तक प्रदेश में दस्तक देने वाला मानसून अभी तक नहीं पहुंचा है और अब इसके 25 जून के आसपास प्रवेश करने की संभावना जताई जा रही है। मानसून की देरी का असर बारिश के आंकड़ों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश में 1 जून से 18 जून के बीच सामान्य से 39 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में प्रदेश में औसतन 46.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 28.4 मिमी वर्षा हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश की स्थिति ज्यादा चिंताजनक बनी हुई है। अनूपपुर, बालाघाट, दमोह, मैहर, रीवा, शहडोल, टीकमगढ़, अलीराजपुर, बड़वानी, भिंड, दतिया, धार और खरगोन जैसे जिलों में आधा इंच बारिश भी दर्ज नहीं हुई है। हालांकि भोपाल, इंदौर, सीहोर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, गुना, हरदा, नर्मदापुरम, रतलाम, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, सतना और सीधी समेत कई जिलों में 1 से 4 इंच तक पानी गिरा है, लेकिन कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह मात्रा अभी खरीफ फसलों की बुवाई के लिए पर्याप्त नहीं मानी जा सकती। आज 39 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना मौसम विभाग ने शुक्रवार को भोपाल, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, रतलाम, आगर-मालवा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत 39 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, उमरिया, शहडोल, कटनी, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, अलीराजपुर और झाबुआ समेत कई क्षेत्रों में उमस और गर्मी का असर बना रह सकता है। यह भी पढ़ें-मध्यप्रदेश पुलिस में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती फिर शुरू, हर साल 60 पदों पर होगी नियुक्ति कई जिलों में बदला मौसम, सिवनी में सबसे ज्यादा बारिश गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रहा। सिवनी में एक इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि इंदौर के महू, धार के पीथमपुर और गुना में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। भोपाल में अधिकतम तापमान 37 डिग्री, इंदौर में 36.9 डिग्री, उज्जैन में 38 डिग्री, जबलपुर में 38.7 डिग्री और ग्वालियर में 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं खजुराहो 41.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। यह भी पढ़ें-कोई डिप्रेशन में, कोई टूटी उम्मीदों से जूझ रहा, छात्र बोले-आत्मविश्वास हुआ कम साइक्लोनिक सिस्टम से बना बारिश का माहौल मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और आसपास मौजूद तीन ट्रफ लाइनों के कारण वातावरण में नमी बढ़ी है। इसी वजह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज रहने की संभावना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 19, 2026, 04:33 IST
MP Weather: मानसून की सुस्त चाल से बढ़ी चिंता, प्रदेश में 39% बारिश की कमी,39 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट #CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #Ujjain #Gwalior #Morena #Sehore #Rewa #Umaria #Bhind #Shivpuri #Katni #Panna #Chhatarpur #Chhindwara #Jabalpur #Datia #SubahSamachar
