MP Politics: छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने विधायक सुनील उइके को भेजा मानहानि नोटिस, जानें पूरा मामला
छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके समेत कांग्रेस, गोंडवाना और अन्य दलों के नेताओं को मानहानि का नोटिस भेजा है। सांसद ने आरोप लगाया है कि चारगांव प्रहलाद में हुई घटना को लेकर उनके खिलाफ झूठे, भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सांसद बंटी विवेक साहू के अधिवक्ता ने संबंधित नेताओं को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में माफी नहीं मांगने पर मानहानि की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि क्षेत्र की जनता उनका परिवार है और सांसद बनने के बाद से उन्होंने अपना पूरा समय छिंदवाड़ा एवं पांढुर्ना संसदीय क्षेत्र की जनता की सेवा, समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए पद नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। पढे़ं:कुएं की खुदाई के दौरान मलबा धंसा, सास-बहू 50 फीट गहराई में दबीं, एक की हुई मौत उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और जनता के बढ़ते विश्वास को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए झूठे आरोपों और दुष्प्रचार का सहारा ले रहे हैं। सांसद ने कहा कि छिंदवाड़ा की जनता उनके कार्यों, निष्ठा और समर्पण की साक्षी है तथा वे जनता के विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे। बंटी विवेक साहू ने कहा कि उनके संस्कार उन्हें आरोपों का जवाब काम के माध्यम से देना सिखाते हैं, लेकिन यदि कोई व्यक्ति या राजनीतिक दल जानबूझकर झूठी और अपमानजनक बातें फैलाकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 17, 2026, 18:15 IST
MP Politics: छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने विधायक सुनील उइके को भेजा मानहानि नोटिस, जानें पूरा मामला #CityStates #Chhindwara #MadhyaPradesh #ChhindwaraNews #ChhindwaraHindiNews #ChhindwaraViralNews #SubahSamachar
