Hamirpur (Himachal) News: पीएचसी भरेड़ी के पास आवाजाही होगी आसान
भरेड़ी (हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग ने बस्सी-तत्ताहर सड़क पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरेड़ी के समीप पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है। लंबे समय से सड़क के इस हिस्से में बरसात के दौरान पानी जमा हो जाता था।सड़क का यह हिस्सा काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब विभाग ने इस भाग का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। सड़क के इस हिस्से में कई स्थानों पर गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण दोपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी।विशेषकर पीएचसी आने वाले मरीजों, एंबुलेंस सेवाओं और दैनिक यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पेवर ब्लॉक बिछाए जाने से सड़क की स्थिति में सुधार होगा और यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा।ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क के उन हिस्सों पर भी जल्द कार्य शुरू किया जाए, जहां पहले पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य अधूरा रह गया था। यदि पूरे प्रभावित क्षेत्र में पेवर ब्लॉक बिछाए जाते हैं तो सड़क की गुणवत्ता और मजबूती में और अधिक सुधार होगा व भविष्य में बार-बार मरम्मत की आवश्यकता भी कम पड़ेगी।लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता प्रवीण कुमार ने कहा कि विभाग निर्धारित समय के भीतर इस कार्य को करने के लिए प्रयासरत है। साथ ही विभाग अन्य आवश्यक स्थानों का भी निरीक्षण कर रहा है ताकि जरूरत के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 22:34 IST
Hamirpur (Himachal) News: पीएचसी भरेड़ी के पास आवाजाही होगी आसान #HamirpurNewsHpNews #SubahSamachar
