Kangra News: ज्वालामुखी अस्पताल में मरीजों को परोस दिए फफूंदी लगे ब्रेड

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। नागरिक अस्पताल ज्वालामुखी में मंगलवार को रोगियों को नाश्ते में फफूंदी लगे ब्रेड परोसे जाने का मामला सामने आया है। खराब गुणवत्ता का ब्रेड मिलने पर अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों ने जमकर हंगामा किया। वहां दाखिल एक युवती ने फफूंदी लगे ब्रेड का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। इस घटना के बाद से ज्वालामुखी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और लोग अस्पताल प्रशासन की कार्यकुशलता पर भी संदेह जता रहे हैं। मंगलवार सुबह जब अस्पताल में भर्ती करीब आठ-दस रोगियों को नाश्ता परोसा गया तो ब्रेड में फफूंदी देख वे सन्न रह गए। मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन मरीजों के स्वास्थ्य के साथ सीधे तौर पर खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने मौके पर मौजूद स्टाफ नर्स व अन्य कर्मचारियों से इसकी शिकायत की, लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो रोष स्वरूप युवती ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। मामले को तूल पकड़ता देख अस्पताल प्रबंधन का कार्यभार संभाल रहे बीएमओ डॉ. पवन शर्मा ने कहा कि मरीजों की सेहत के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन ने मामले में संलिप्त संबंधित ठेकेदार से जवाब-तलब किया है। अस्पताल प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ठेकेदार के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 09, 2026, 19:46 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: ज्वालामुखी अस्पताल में मरीजों को परोस दिए फफूंदी लगे ब्रेड #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar