Sonipat News: टायर पंक्चर होने का झांसा देकर रुकवाई कार, बुजुर्ग का पर्स छीनकर भागे बाइक सवार
सोनीपत। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर गांव चौहान जोशी के पास बाइक सवार झपटमारों ने एक बुजुर्ग महिला से एक लाख रुपये की नकदी रखा पर्स झपट लिया और भाग गए। झपटमारों ने टायर पंक्चर होने का झांसा देकर कार रुकवाया था। एक सप्ताह पहले भी इसी तरह कुमासपुर के पास एक अन्य महिला के साथ वारदात को अंजाम दिया था। अंबाला के रानीबाग की रहने वाली सुमन जैन ने बहालगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह सोमवार को कार से दिल्ली एम्स गई थी। वहां से रात को वापस अंबाला लौट रही थीं। जब वह चौहान जोशी के पास पहुंचे तो बाइक सवार दो युवक आए और इशारा कर कार पंक्चर होने की बात कही। जब उन्होंने कार रुकवाकर शीशा नीचे किया तो युवक उनके पास आ गए। इसी दौरान एक युवक ने उनकी गोद में रखा पर्स झपट लिया और भाग निकले। पर्स में एक लाख रुपये, उनका डेबिट कार्ड व घर की चाबियां थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से तेज गति से भाग निकले। घटना की सूचना के बाद बहालगढ़ थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।एक सप्ताह में दूसरी वारदात इससे पहले 23 जून को कुरुक्षेत्र के सेक्टर-7 निवासी रामशरण कलसी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि वह अपनी पत्नी के साथ कार में दिल्ली जा रहे थे। एनएच-44 पर कुमासपुर के पास बाइक सवार दो युवकों ने कार में पंक्चर होने का इशारा कर गाड़ी रुकवाने के बाद उनकी पत्नी का पर्स छीन लिया था। पर्स में करीब 20 हजार रुपये की नकदी थी। सप्ताह में एक ही तरह की दूसरी वारदात से एक ही गिरोह की तरफ से घटना को अंजाम देने का शक है। महिला का पर्स छीनने की जानकारी मिली थी। इस पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द झपटमारों को गिरफ्तार किया जाएगा। - रविंद्र सिंह, पुलिस प्रवक्ता, सोनीपत
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 18:50 IST
Sonipat News: टायर पंक्चर होने का झांसा देकर रुकवाई कार, बुजुर्ग का पर्स छीनकर भागे बाइक सवार #MotorcyclistsMadeACarStopByPretendingTheTireWasPunctured #ThenSnatchedAnElderlyPerson'sPurseAndFled. #SubahSamachar
