Bareilly News: प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, हॉस्पिटल में हंगामा
शेरगढ़ स्थित एक हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के बाद परिजनों ने देर शाम हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत करने की कोशिश की।विकासखंड क्षेत्र के गांव कमालपुर शुमाली थाना देवरनिया निवासी विजेंद्र पाल मौर्य की पत्नी किरन को गांव की आशा कार्यकर्ता रूपवती अल्ट्रासाउंड कराने के लिए कस्बा स्थित हॉस्पिटल में लाई थी। अस्पातल में चिकित्सक ने डिलीवरी कराने की सलाह दी। 6,000 रुपये में प्रसव करने की बात तय हुई, जिसके बाद प्रसव कराया गया। डिलीवरी के तुरंत बाद नवजात की मौत हो गई। वहीं, प्रसूता किरन की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल संचालक और चिकित्सक ने प्रसूता को आनन-फानन में बरेली स्थित एक अस्पताल रेफर किया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्रसूता को मृत घोषित कर दिया। इससे गुस्साए परिजन प्रसूता के शव को कस्बा स्थित अस्पातल में लाए, जहां प्रसव हुआ था। परिजनों ने हंगामा किया। चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची। हंगामा शांत कराने की कोशिश की। ग्रामीणों के मुताबिक, देर तक अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच समझौते की बात चलती रही। किरन के दो बच्चे हैं। इनमें बेटा लव (5) और दीप्ती (7) शामिल हैं। शेरगढ़ में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने बताया कि अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। स्वत: संज्ञान लेकर जांच कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डेथ ऑडिट भी कराया जाएगा। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। कस्बे में संचालित अस्पताल-क्लीनिक पर सवालइस घटना से स्थानीय लोगों ने कस्बे में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों पर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई है। इन अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक भी तैनात नहीं हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 27, 2026, 06:03 IST
Bareilly News: प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, हॉस्पिटल में हंगामा #MotherAndChildDieDuringDelivery #CommotionInHospital #SubahSamachar
