Bareilly News: पानी के इंतजार में शहर और गांवों के आधे से ज्यादा घर
बरेली। अमृत योजना से शहर व जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पानी की पाइप लाइनें तो बिछाई जा रही हैं, लेकिन अब तक आधे से अधिक घरों को पानी का इंतजार है। 2600 करोड़ से अधिक की ये दोनों परियोजनाएं धरातल पर फेल साबित हो रही हैं। जिम्मेदारों की तरफ से काफी समय से आपूर्ति चालू कराने का आश्वासन दिया जा रहा है, पर अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है। जल निगम शहरी की तरफ से अमृत योजना के तहत 8.50 करोड़ की लागत से इंद्रानगर वार्ड में पाइप लाइन बिछाकर 24 घंटे पानी की आपूर्ति की जानी है। यूनिवर्सल एमईपी प्रोजेक्ट्स एंड इंजीनियरिंग सर्विसेज ने दिसंबर 2025 में काम की शुरुआत की थी, जिसे जून 2026 तक पूरा करना था। समय पर काम पूरा नहीं होने पर इसकी समयावधि बढ़ाकर फरवरी 2027 कर दी गई है। इसके तहत 1800 एलपीएम के दो ट्यूबवेल व पंप हाउस बनाए गए हैं। 16.50 किमी पाइप लाइन बिछाई जानी है। इसमें से तीन किमी का काम बाकी रह गया है। वार्ड में 2400 के सापेक्ष 1400 कनेक्शन ही हो पाए हैं।ग्रामीण क्षेत्र में जल जीवन मिशन योजना के तहत 2600 करोड़ की लागत से 876 परियोजनाओं पर काम कराया जा रहा है। 1,188 ग्राम पंचायतों के 1,807 राजस्व गांवों में 8,341 किमी पाइप लाइन बिछाई जानी है। योजना के तहत 5,15,485 घरों को कनेक्शन दिए जाने का लक्ष्य है। अब तक 5,08,945 घरों को कनेक्शन दिए जाने का दावा किया जा रहा है, पर आधे से अधिक घरों में अब भी पानी का इंतजार है।जल निगम को नोडल एजेंसी बनाकर एनसीसी लिमिटेड से काम कराया जा रहा है। निगम का दावा है कि 1300 से अधिक गांवों में ट्यूबवेल व पानी की टंकी के माध्यम से पानी की सप्लाई दी जा रही है। काम की समय सीमा को बढ़ाकर मार्च 2028 कर दिया गया है। अब भी कई ऐसे गांव हैं, जहां पाइप लाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन पानी नहीं आ रहा है। ब्यूरोमामला 1 नवाबगंज ब्लॉक के हरदुआ निवासी कृष्णपाल, तेजपाल, कामता प्रसाद ने बताया कि पाइप लाइन बिछाए एक साल हो गया, लेकिन पानी के कनेक्शन नहीं दिए गए। गौटिया के नरेंद्र पाल, औरंगाबाद के मनोज कुमार ने बताया कि रोड को तोड़कर पाइप लाइन डाल दी, लेकिन कनेक्शन नहीं किए। बीजामऊ, ग्रेम, बिथरी गांवों के आधे से अधिक घरों में कनेक्शन नहीं है। पाइप फटने के कारण ग्रामीणों ने ही पानी को बंद करा दिया।मामला 2भदपुरा ब्लॉक के नकटी नारायणपुर, नवदिया मोतीराम, बिहारी प्रीतमराम, नौगवां भगवंतपुर, सिलरा, जरपा मोहनपुर, अवदला, अमीरनगर में पाइप लाइन पड़ी है, लेकिन जलापूर्ति शुरू नहीं की जा सकी। यहां पानी की टंकी भी नहीं बनी है। इन गांवों की यह है स्थितिहाफिजगंज में तीन साल पहले 5.5 करोड़ की लागत से बनी पानी की टंकी चालू नहीं हो सकी। हरहरपुर गांव में भी पानी की टंकी का निर्माण अधूरा पड़ा है। गांव में पाइप लाइन बिछी होने के बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। स्वाले मुजाहिदपुर के कबराकिशनपुर निवासी जाकिर खां, जफर हसन खां ने बताया कि मार्च में पाइप लाइन तो बिछा दी गई, लेकिन पानी आज तक नहीं आया। रास्ता खोदकर छोड़ा गया, जिससे आवागमन में समस्या हो रही है। शेरगढ़ की पानी की टंकी पर तैनात चौकीदार मोहम्मद अफजाल ने बताया कि चोरों ने सौर ऊर्जा पैनल की लाइन काट दी थी, जिसके कारण जलापूर्ति नहीं हो पा रही है।--इंद्रानगर में जून 2026 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। अभी चार किमी पाइप लाइन डाली जानी है। इसको फरवरी 2027 पूरा करके पानी की आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। - संजय कुमार, अधिशासी अभियंता, जल निगम शहरी--जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप लाइन बिछाकर पानी की आपूर्ति की जा रही है। जिन गांवों में आपूर्ति नहीं हो रही है, वहां भी जल्द शुरू करा दी जाएगी। - आकांक्षा सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम ग्रामीण
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 02:58 IST
Bareilly News: पानी के इंतजार में शहर और गांवों के आधे से ज्यादा घर #MoreThanHalfTheHouseholdsInCitiesAndVillagesAreWaitingForWater. #SubahSamachar
