Bulandshahar News: 360 सिलिंडर लेने पहुंचे एक हजार से अधिक लोग, जाम और हंगामा

औरंगाबाद। कस्बे में तीन दिन बाद गैस सिलिंडर पहुंचने की सूचना पर मंगलवार सुबह से ही प्रिंस गैस एजेंसी पर लोगों की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गईं। एजेंसी के गोदाम पर 360 सिलिंडर लेने के लिए एक हजार से अधिक लोग पहुंच गए। कम सिलिंडर देखते ही उपभोक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे औरंगाबाद पवसरा मार्ग पर जाम लग गया। कुछ लोग बिना बुकिंग कराए ही गैस सिलिंडर लेने पहुंच गए। इसकी सूचना पर भाकियू कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और बुकिंग वाले लोगों को ही सिलिंडर देने के लिए कहा। पुलिस और पूर्ति निरीक्षक के समझाने पर लोग शांत हुए। औरंगाबाद की एजेंसी पर पिछले तीन दिन से उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल रहा था। उपभोक्ता रोजाना एजेंसी व गोदाम के चक्कर लगा रहे थे। मंगलवार सुबह लोगों को गैस एजेंसी के गोदाम पर सिलिंडर आने की सूचना मिली तो काफी संख्या में उपभोक्ता पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने पर्याप्त सिलिंडर न होने पर हंगामा शुरू कर दिया। इससे औरंगाबाद-पवसरा मार्ग पर जाम लग गया। जाम लगने से मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह करीब नौ बजे एजेंसी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सिलिंडर वितरण शुरू किया। लाइन में लगे लोग पहले सिलिंडर पाने का प्रयास करने लगे। उपभोक्ताओं ने एजेंसी कर्मचारियों पर बिना बुकिंग वाले लोगों को भी सिलिंडर देने का आरोप लगाया। इसकी सूचना मिलते ही भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिलाध्यक्ष सुनील लोधी भी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को ही सिलिंडर मिलेगा। गैस की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर होने नहीं दी जाएगी। इस दौरान बिना बुकिंग कराए सिलिंडर लेने पहुंचे लोग वहां से चले गए। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस और पूर्ति निरीक्षक ने लोगों को समझाकर गैस का वितरण कराया। गैस एजेंसी संचालक वीरपाल सिंह का कहना है कि बुधवार को भी गैस का वितरण होगा। सभी उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिलेगा। कालाबाजारी के आरोप निराधार हैं।उपभोक्ताओं की समस्या को दूर कराने के लिए एजेंसी संचालक से बात हो गई है। एजेंसी पर रात को एक गाड़ी और पहुंच जाएगी। इसका बुधवार को वितरण होगा। अब किसी भी उपभोक्ता को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। - वीरेंद्र मिश्रा, पूर्ति निरीक्षक। नगर से लेकर देहात तक की एजेंसियों पर लगी लाइनबुलंदशहर। गैस की किल्लत लगातार बनी हुई है। नगर से लेकर देहात तक की एजेंसियों पर सिलिंडर पाने के लिए उपभोक्ताओं की सुबह से ही लाइन लग रही हैं। रसोई गैस पाने के लिए एजेंसी पर दिन भर लाइन में लगने के बाद भी पर्ची नहीं मिल रही है। व्यवस्था को कोसते उपभोक्ता मायूस होकर घर लौटने को मजबूर हैं। उपभोक्ता नरेंद्र और प्रीति ने बताया कि सुबह से उपभोक्ता सिलिंडर लेकर लाइन लगा रहे हैं। साढ़े नौ बजे तक जबतक एजेंसी के कर्मचारी काउंटर खोल रहे हैं तब तक लाइन बढ़ जाती है। इस दौरान शोर-शराबे, हो हल्ला के बीच जैसे तैसे कर्मचारी कुछ पर्ची भी काट रहे हैं, उसके बाद काउंटर बंद कर दे रहे हैं। ऐसे में अधिकतर उपभोक्ताओं को बिना सिलिंडर लिए वापस लौटना पड़ रहा है। लोगों की मांग है कि एजेंसी पर पहुंचने वाले सभी लोगों को सिलिंडर मिलना चाहिए। दूसरी ओर जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह का कहना है कि जिले में गैस की कमी नहीं है। लगातार एजेंसियों से संपर्क कर लोगों की समस्या का समाधान कराया जा रहा है। जिले में नहीं होगा कैरोसिन का वितरण सरकार की ओर से गैस की किल्लत को दूर करने के लिए कैरोसिन का वितरण करने की पहल की है। जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि जिले में कैरोसिन का वितरण नहीं होगा। शासन की ओर से इसके लिए रिपोर्ट मांग गई थी। जिले में कोई ऐसा विकल्प नहीं है, जिसके माध्यम से कैरोसिन का वितरण किया जा सके। इसकी रिपोर्ट बनाकर शासन को भेज दी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 31, 2026, 19:24 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Bulandshahr news



Bulandshahar News: 360 सिलिंडर लेने पहुंचे एक हजार से अधिक लोग, जाम और हंगामा #BulandshahrNews #SubahSamachar