पंजाब में धीमा पड़ा मानसून: 1.5 डिग्री चढ़ा पारा, अल नीनो के प्रभाव से बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप; फसलों को नुकसान
पंजाब में मानसून की गति धीमी हो गई है। मौसम विभाग ने बुधवार से राज्य के 16 जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इन जिलों में अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, मोगा, फरीदकोट, बरनाला, संगरूर, पटियाला, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा शामिल हैं। केवल पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मंगलवार को मोगा, बठिंडा, बरनाला, संगरूर और मानसा में मौसम शुष्क रहा। आने वाले दिनों में पंजाब का तापमान 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। अल नीनो का प्रभाव और कृषि पर असर मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अल नीनो दक्षिण-पश्चिम मानसून को प्रभावित कर रहा है। इससे बारिश की कमी हो रही है और मानसून की प्रगति बाधित हो रही है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश की कमी से धान की फसल पर असर पड़ेगा। किसानों को सिंचाई के लिए ट्यूबवेल पर अधिक निर्भर रहना होगा, जिससे भू-जल संकट गहरा सकता है। नमी वाले मौसम के कारण कपास में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। किसानों को गुलाबी सुंडी और चिट्टी मक्खी से बचाव के लिए कपास की खेती का लगातार निरीक्षण करना चाहिए। तापमान में वृद्धि और बारिश की कमी सोमवार को पंजाब में मौसम शुष्क रहने से तापमान में 1.5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। बठिंडा में सबसे अधिक 39.6 डिग्री तापमान रहा। हालांकि, न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की कमी आई, जो फरीदकोट में सबसे कम 22 डिग्री दर्ज किया गया। 1 जून से अब तक पंजाब में सामान्य से 28 फीसदी कम बारिश हुई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही अल नीनो के कारण मानसून में 8 फीसदी कमी की संभावना जताई थी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 14, 2026, 08:26 IST
पंजाब में धीमा पड़ा मानसून: 1.5 डिग्री चढ़ा पारा, अल नीनो के प्रभाव से बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप; फसलों को नुकसान #CityStates #Patiala #Chandigarh-punjab #PunjabMonsoon #PunjabWeather #SubahSamachar
