मैदानी इलाकों में मानसून थमा: उत्तर-पश्चिम भारत में अभी 6-7 दिन बारिश होने के आसार नहीं; कब बदलेगा मौसम?

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में फिलहाल मानसून पर ब्रेक लग गया है। बारिश थम गई है और 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान वाली गर्मी लौट आई है और उमस भी बेचैन करने लगा है। इस मुश्किल से अभी कम से कम इस हफ्ते तो राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में घनघोर बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। अरुणाचल प्रदेश में एक लाख से अधिक लोग बारिश और बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जबकि मिजोरम में भूस्खलन ने परेशानियां बढ़ा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते, अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र यानी उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिम-मध्य भारत के कुछ हिस्सों और विशेष रूप से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत अगले 6-7 दिनों के दौरान बारिश बहुत कम होने की संभावना है। कुछ इलाकों में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है। ये भी पढ़ें:पूर्वोत्तर में बारिश का कहर:मिजोरम में भूस्खलन, अरुणाचल में एक लाख परिवार बाढ़ से प्रभावित हिमाचल में तापमान चढ़ा हिमाचल में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिनभर धूप खिली रही। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। लेकिन, लाहौल-स्पीति और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। जुलाई महीने में हुई इस बर्फबारी ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आकर्षित किया है। ऊंचे क्षेत्रों में तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 15, 2026, 03:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




मैदानी इलाकों में मानसून थमा: उत्तर-पश्चिम भारत में अभी 6-7 दिन बारिश होने के आसार नहीं; कब बदलेगा मौसम? #IndiaNews #National #Monsoon #Imd #WeatherUpdate #HeavyRain #NorthIndia #NortheastIndia #DelhiWeather #HimachalPradesh #SubahSamachar