Kurukshetra News: राजकुमार की मां को बहन बनाकर मोहित ने जीता था परिवार का विश्वास
कुरुक्षेत्र। सांवला गांव के राजकुमार उर्फ राजू हत्याकांड की जांच में पुलिस की पड़ताल और परिजनों के बयानों से ऐसे कई तथ्य सामने आए हैं, जो हत्या की साजिश को उजागर कर रहे हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी मोहित ने वारदात से काफी पहले ही परिवार का विश्वास जीतने की योजना बना ली थी।मृतक की मां रोशनी देवी के अनुसार मोहित ने खुद को करनाल के उपली गांव का निवासी बताकर उनसे रिश्तेदारी जोड़ी और उन्हें अपनी बहन कहने लगा। इसी बहाने वह परिवार में आने-जाने लगा। बाद में उसने राजू से भी दोस्ती कर ली और अक्सर उसकी दुकान पर घंटों बैठता था। कई बार वह राजू को शराब पिलाने के बाद घर छोड़ने के बहाने पहुंचता, लेकिन परिवार को उस पर कभी शक नहीं हुआ।परिजनों का यह भी आरोप है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से विवाद बढ़ गए थे और आरोपी पत्नी कई बार राजू को तलाक देने की धमकी देती थी। उनका कहना है कि मोहित और आरोपी पत्नी साथ रहने की योजना बना रहे थे। इसी सिलसिले में मोहित ने राजू की आरोपी पत्नी का पासपोर्ट भी बनवा दिया था, जबकि परिवार के किसी अन्य सदस्य का पासपोर्ट नहीं बना। परिजनों ने यह भी दावा किया कि राजू की हत्या के बाद आरोपी पत्नी के व्यवहार ने उन्हें चौंका दिया। घर के बाहर पति का शव पड़ा था, लेकिन वह कमरे से बाहर नहीं निकली और न ही किसी तरह की बेचैनी दिखाई। इसी व्यवहार के बाद परिवार का शक और गहरा गया।उधर थाना थानेसर सदर प्रभारी ने रणधीर सिंह का कहना है कि मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच जारी है। मुख्य आरोपी मोहित पुलिस रिमांड पर है, जबकि साजिश के आरोप में गिरफ्तार आरोपी पत्नी न्यायिक हिरासत में जेल भेजी जा चुकी है। पुलिस वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 22, 2026, 03:58 IST
Kurukshetra News: राजकुमार की मां को बहन बनाकर मोहित ने जीता था परिवार का विश्वास #MohitWonTheFamily'sTrustByTreatingRajkumar'sMotherLikeASister. #SubahSamachar
