मोगा फायरिंग केस: दो युवकों की हत्या, आज माैके पर जाएंगे डीजीपी गाैरव यादव; पीड़ित परिवारों से करेंगे बात
मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में रविवार को एक दुकान के बाहर बैठे युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में आए कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। घटना में पांच युवक घायल हो गए। दो युवकों ने इलाज के दाैरान दम तोड़ दिया। तीन अस्पताल में उपचाराधीन हैं। आज डीजीपी गाैरव यादव घटनास्थल का दाैरा करेंगे और पीड़ित परिवारों से बात करेंगे। जानकारी के अनुसार, दुकान के बाहर चार से पांच युवक बैठे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो में आए लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि एक युवक के सिर, दो के पेट और एक की बाजू में गोली लगी। एक अन्य युवक छर्रे लगने से घायल हुआ। मृतकों की पहचान 30 साल के गगन जिंदल और 40 साल के साहिल जिंदल के रूप में हुई है। दोनों एक ही परिवार से हैं। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश होने की आशंका है। हालांकि, फायरिंग के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पीड़ित परिवार की ओर से कुछ लोगों के नाम भी बताए गए हैं। पुलिस संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 26, 2026, 10:22 IST
मोगा फायरिंग केस: दो युवकों की हत्या, आज माैके पर जाएंगे डीजीपी गाैरव यादव; पीड़ित परिवारों से करेंगे बात #CityStates #Chandigarh-punjab #Punjab #SubahSamachar
