एमएलसी चुनाव: शिक्षकों के बरसे वोट, स्नातकों में नहीं दिखा जोश; 69.87 और 41.11 प्रतिशत मतदान
विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव शुक्रवार कराया गया। वाराणसी सहित पूर्वांचल के आठ जिलों में शिक्षक सीट के लिए 69.87 प्रतिशत वोट डाले गए हैं। स्नातक सीट के लिए 41.11 प्रतिशत वोटिंग हुई है। शिक्षक सीट पर मतदान का प्रतिशत स्नातक से 28.76 प्रतिशत ज्यादा रहा है। अंतिम मतदान सूचना के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,88,553 मतदाताओं में से 1,18,611 ने वोट डाले हैं। इसी तरह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 34,900 मतदाताओं में से 24,384 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। सुबह से शाम तक दोनों सीटों पर मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी होती रही। दोनों सीटों के मतदान प्रतिशत में अंतर मतदाताओं की संख्या के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में शिक्षक सीट की तुलना में मतदाताओं की संख्या आठ गुने से अधिक है। इसके बावजूद शिक्षक सीट पर मतदान का प्रतिशत अच्छा रहा। स्नातक सीट पर कुल मतदाताओं में 1,93,901 पुरुष और 94,652 महिलाएं थीं। शिक्षक सीट पर 25,885 पुरुष और 9,015 महिला मतदाता पंजीकृत थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 23, 2026, 23:49 IST
एमएलसी चुनाव: शिक्षकों के बरसे वोट, स्नातकों में नहीं दिखा जोश; 69.87 और 41.11 प्रतिशत मतदान #CityStates #Varanasi #UpBoardExam #UttarPradeshBoard #SubahSamachar
